आज भोर में बनारस के नमो घाट पर बाउंसरों ने पर्यटकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, एक की मौत, कई हुए घायल.. फिलहाल 4 हुए गिरफ्तार...
काशी जिसे बनारस और वाराणसी के नाम से भी जानते हैं उसके सबसे आधुनिक और चर्चित पर्यटन स्थल 'नमो घाट' पर रविवार की भोर में शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नमो घाट के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा में तैनात निजी गार्डों व बाउंसरों के साथ पर्यटकों का मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।
सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने पर्यटकों पर लाठियों और डंडों से हमला कर दिया। पर्यटकों को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा गया। इस हिंसक हमले में एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। उसके कई आए कई साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सनसनीखेज वारदात के बाद घाट पर अफरातफरी और हड़कंप मच गया। पुलिस ने मारपीट करने वाले चार सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रवेश द्वार पर रोकने पर विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पड़ोसी जिले सोनभद्र से पर्यटकों का एक समूह रविवार की भोर में सुबह की ताजी हवा और गंगा का दीदार करने नमो घाट पहुंचा था। जब ये लोग मुख्य प्रवेश द्वार से घाट के भीतर दाखिल होने लगे, तभी वहां ड्यूटी पर मौजूद निजी सुरक्षा गार्डों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसी को लेकर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों में पहले तीखी नोकझोंक और कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि सुरक्षा गार्डों ने अपने साथियों और निजी बाउंसरों को मौके पर बुला लिया।
बाउंसरों ने पार की क्रूरता की हदें, तड़पकर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लाठी-डंडों से लैस दर्जनों बाउंसरों और गार्डों ने पर्यटकों को चारों तरफ से घेर लिया और उन पर टूट पड़े। हमलावरों ने पर्यटकों को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में सोनभद्र निवासी 17 वर्षीय राजेंद्र उर्फ चिंटू को बाउंसरों ने जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और डंडों से सिर व छाती पर प्रहार किए। गंभीर चोटें आने के कारण राजेंद्र लहूलुहान होकर वहीं अचेत हो गया। इस क्रूरता को देख घाट पर मौजूद अन्य पर्यटक भी सहम गए।
पुलिस जांच में जुटी, अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
घायल पर्यटकों को आनन-फानन में कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय राजेंद्र उर्फ चिंटू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का आपातकालीन वार्ड में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर थाना इंस्पेक्टर विमल मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर और अस्पताल पहुंचे। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी बाउंसरों की शिनाख्त कर रही है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।