Headlines
Loading...
प्रदेश के अलीगढ़ जिले में दशहरे के मौके पर दहन से पहले गाया हुआ रावण , मामला पुलिस के पास पहुंचा

प्रदेश के अलीगढ़ जिले में दशहरे के मौके पर दहन से पहले गाया हुआ रावण , मामला पुलिस के पास पहुंचा

बुराई पर अच्छाई की विजय होने से पहले ही अलीगढ़ में रामलीला ग्राउंड से रावण का पुतला गायब हो गया। रविवार सुबह आसपास के लोगों ने देखा तो दहन स्थल पर रावण का पुतला नहीं था। रामलीला कमेटी के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पदाधिकारियों ने पुलिस पर मनमानी करते हुए रावण दहन रोकने का आरोप लगाया है। विधायक सहित भाजपा के पदाधिकारी भी आ गए। कुछ देर बाद दहन स्थल के पीछे रावण का पुतले का सिर्फ ढांचा मिला। मामले में भाजपा नेता की तरफ से रामलीला महोत्सव अध्यक्ष वेदप्रकाश जैन के खिलाफ थाना गांधीपार्क में तहरीर दी गई है।

कोरोना काल में रामलीला का आयोजन नहीं हो सका था। बीते दिनों पुलिस-प्रशासन के साथ श्रीरामलीला महोत्सव कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक हुई थी। जिसमें तय हुआ था कि रावण दहन कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए रामलीला ग्राउंड में ही कराया जाएगा। जिसके चलते पुतले की ऊंचाई भी घटा दी गई थी। रामलीला गोशाला कमेटी ने परंपरा को कायम रखने के लिए इस बार मंचन की जगह संगीतमय रामायण पाठ कराया। रविवार को दशहरा के अवसर पर सूक्ष्म रूप में नुमाइश मैदान की जगह रामलीला मैदान में रावण के पुतले का दहन होना था। इसके लिए कारीगर राजू के द्वारा बीते पांच दिनों से रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था। रविवार को ग्राउंड में पुतले को आतिशबाजी लगाकर खड़ा किया जाना था। सुबह कमेटी के पदाधिकारी व आसपास के लोग पहुंचे तो वहां पर रावण का पुतला नहीं मिला। यह देख सभी लोग हैरान हो गए। पुतला तैयार करने वाला कारीगर भी नहीं मिला। कमेटी के पदाधिकारियों पर फोन घनघनाने शुरू हो गए। सूचना दिए जाने पर शहर विधायक संजीव राजा, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी, कोल विधायक अनिल पाराशर, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष सुबोध स्वीटी, मानव महाजन, रामलीला कमेटी के विमल अग्रवाल, संदीप रंजन गुप्ता, अरविन्द गुप्ता सहित तमाम लोग आ गए।

कमेटी के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस रावण दहन रोकने के लिए जबरन पुतला गायब कराया है। विवाद बढ़ने पर एसीएम प्रथम अंजुम बी सहित पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी आ गए। इस दौरान कुछ लोगों को दहन स्थल के पीछे बाग में रावण के पुतले का ढांचा तहस-नहस अवस्था में पड़ा देखा। कमेटी पुतले को दहन स्थल पर रखवाया। उधर जनप्रतिनिधियों, पुलिस-प्रशासन व कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक में तय हुआ कि रावण दहन रामलीला ग्राउंड में ही कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए होगा। जिसके बाद कारीगर को घर से बुलवाकर लाया गया और पुन: पुतले को तैयार करवाया गया।

भाजपा महानगर उपाध्यक्ष सुबोध स्वीटी ने थाना गांधीपार्क में तहरीर दी है। उपाध्यक्ष के अनुसार पता चला था कि कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए रामलीला ग्राउंड में रावण का पुतला दहन होगा। जब वह ग्राउंड में पहुंचे तो रावण का पुतला ही नहीं था। आरोप है कि रामलीला महोत्सव अध्यक्ष वेदप्रकाश जैन ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर रावण का पुतला गायब कराया है। इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।

जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि रावण दहन की बाकायदा प्रशासन से अनुमति पूर्व में ही ली जा चुकी थी। इसके बावजूद एसओ गांधीपार्क ने शनिवार रात को रावण दहन करने के संबंध में नोटिस भेज दिया। कमेटी के पदाधिकारियों से अभद्रता की गई। जिसके बाद देर रात तीन बजे पुतले को ग्राउंड स्थल से गायब कर तहस-नहस किया गया।संजीव राजा, शहर विधायक का कहना है कि रामलीला ग्राउंड में पहुंचने पर पता चला कि वहां रावण का पुतला ही नहीं था। स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने कमेटी के पदाधिकारियों से साठगांठ कर हिन्दू धर्म की आस्था के रावण दहन असत्य पर सत्य की जीत के पर्व में विघ्न करने का प्रयास किया गया है। इस पूरे प्रकरण की जांच होनी चाहिए। जो भी दोषी हो, उस पर कार्रवाई हो।अनिल पाराशर, कोल विधायक का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में स्थानीय पुलिस की मिलीभगत है। एक ऐतिहासिक पर्व पर इस तरह की करतूत किया जाना निंदनीय है। कमेटी के अध्यक्ष की भूमिका पूरी तरह से संदिग्ध है। इस घटना से शांत शहर का माहौल बिगड़ने से बचा है। अंजुम बी, एसीएम प्रथम ने बताया कि रावण का पुतला गायब होने की जांच की जा रही है। रावण दहन रामलीला ग्राउंड पर ही करवाया गया है। पुतला कैसे गायब हुआ, किसने तहस-नहस किया। जांच के उपरांत पता चलेगा। विमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष, रामलीला गोशाला कमेटी ने कहा कि शहर के प्रमुख रामलीला महोत्सव के दौरान होने वाले रावण दहन कार्यक्रम में बाधा डालते हुए पुतला गायब कराया गया है। इसके लिए जो भी दोषी हो, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।