UP news
लखनऊ : जिलाधिकारी ने BSA, DHO और DSO को भेजा नोटिस, पूछा ऑफिस में क्यों नहीं थे उपस्थित?
लखनऊ. एडीएम स्तर के अधिकारियों ने गुरुवार को ऑफिस में उपस्थित न मिलने पर डीएम अभिषेक प्रकाश ने बीएसए, जिला उद्यान अधिकारी और डीएसओ से जवाब तलब किया है. इन अधिकारियों के अलावा 31 अधिकारी और कर्मचारियों से भी मांगा गया है. इन सभी को दो दिन के भीतर बताना होगा कि वे अपने दफ्तर में क्यों नहीं थे? जवाब अगर संतोषजनक नहीं हुआ तो इन पर कार्रवाई की जा सकती है.
इस बारे में जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने कहा कि नियमित तौर पर एडीएम स्तर के अधिकारियों को किसी एक सरकारी दफ्तर का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है. रोजना एडीएम निरीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप रहे हैं. आपको बता दें, डीएम चाहते हैं कि आम नागरिक अपनी समस्या लेकर आता है तो उसको जल्द ही राहत मिल जाए.
लखनऊ जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के निर्देश पर एडीएम स्तर के अधिकारियों ने गुरुवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी और जिला आपूर्ति अधिकारी के ऑफिस का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान तीनों अधिकारी अपने ऑफिस में मौजूद नहीं थी. इसके अलावा एडीएम न्यायिक गरिमा स्वरूप ने सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच में विकास भवन के 17 विभागों का निरीक्षण किया है. जिसमें 31 कर्मचारी अपने ऑफिस में उपस्थित नहीं थे. उनको भी नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है.
एडीएम ने उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सह आयुक्त निबंधक सहकारिता, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समाज कल्याण विकास अधिकारी, अर्थ और सांख्यिकी कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी, परियोजना अधिकारी नेडा, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, युवा कल्याण अधिकारी, उपायुक्त एनआरएलएम और परियोजना अधिकारी ग्राम्य विकास के दफ्तरों का निरीक्षण किया.