Headlines
Loading...
UP : सीएम योगी का आज दो दिवसीय गृह जनपद गोरखपुर दौरा आज , राजघाट व रामघाट का करेंगे लोकार्पण

UP : सीएम योगी का आज दो दिवसीय गृह जनपद गोरखपुर दौरा आज , राजघाट व रामघाट का करेंगे लोकार्पण

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को शाम पांच बजे राप्ती नदी के तट पर बने राजघाट एवं रामघाट का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वहां बनने वाली सीसी सड़क तथा नाले का शिलान्यास भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री राजघाट पर होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री राजघाट एवं रामघाट के लोकार्पण के साथ हर्बर्ट बांध से राजघाट तक नई सीसी सड़क एवं सीसी नाला का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं की लागत 60.65 करोड़ रुपये है। राजघाट पर कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम शाम चार बजे से शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री पांच बजे वहां पहुंचेंगे। राजघाट पहुंचने के बाद वह 26वीं वाहिनी पीएसी बाढ़ ई दल के स्टीमर पर सवार होकर नदी के उस पार रामघाट पहुंचेंगे और स्टीमर से ही वहां का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पीएससी बाढ़ दल, एनडरीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें नाव सहित तैनात रहेंगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान वहां गोताखोरों की भी ड्यूटी रहेगी। रामघाट का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।


राजघाट एवं रामघाट को दीयों से सजाया जाएगा। नदी के दोनों ओर एक लाख 11 हजार 111 दीये जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री भी दीप प्रज्जवलित करेंगे। घाटों को जगमग करने की व्यवस्था कर ली गई है। मुख्यमंत्री शाम करीब 6.30 बजे वहां से गोरखनाथ मंदिर के लिए रवाना होंगे।

दिव्यांगजनों को मिलेगी मोटराइज्ड ट्राई साइकिल

लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जिले के 100 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरित करेंगे। इसी साल इससे पहले मुख्यमंत्री ने 13 जनवरी को गोरखपुर महोत्सव के समापन अवसर पर तथा चार फरवरी को चौरी चौरा शताब्दी वर्ष महोत्सव के अवसर पर 100-100 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान किया था। यह ट्राई साइकिल जिला प्रशासन की ओर से कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत दी जा रही है।