UP news
UP : पूर्वांचल के पांच जिलों में किसान महापंचायतों को संबोधित कर सकती हैं प्रियंका गांधी
यूपी । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा होली के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के पांच जिलों में किसान महा पंचायतों को संबोधित कर सकती हैं। यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने रविवार को बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा अगले महीने से पूर्वांचल में अपना अभियान शुरू कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि संभावना है कि वह वाराणसी के विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद यह मुहिम शुरू करेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा वाराणसी, सोनभद्र, गोरखपुर, मिर्जापुर और इलाहाबाद में किसान महा पंचायतों को संबोधित किए जाने की संभावना है। सिंह ने बताया कि इन किसान महापंचायतों के जरिए प्रियंका गांधी वाद्रा आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की कोशिश भी करेंगी। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हाल में किसान महा पंचायतों को संबोधित किया था जिसमें उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा था।