UP news
बलिया : मुख्यमंत्री योगी ने वितरित किया प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना का खाद्यान्न
बलिया । एकदिवसीय दौरे पर बलिया पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय के करीब हैबतपुर गांव में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत खाद्यान्न वितरण को करीब से परखा। उन्होंने योजना के लाभार्थियों को खाद्यान्न भी वितरित किया। इसके पहले पुलिस लाइन के मैदान में बने हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री सीधे जिला अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीधे शहर से सटे गांव हैबतपुर का रुख किया। पूरे लाव लश्कर के साथ गांव में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री को अपने बीच देख लोग काफी खुश नजर आ रहे थे। गांव में पंचायत भवन पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में धरातलीय हकीकत पता की। साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के आधा दर्जन लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरित किया। इसके बाद उनका काफिला वापस शहर की ओर चल पड़ा। कुछ ही मिनटों में उनका काफिला कलक्ट्रेट सभागार पहुंच गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की बैठक में खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी, संसदीय कार्य राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, विधायक सुरेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, कमिश्नर विजय विश्वास पंत, डीआईजी आजमगढ़ सुभाष चंद्र द्विवेदी, जिलाधिकारी अदिति सिंह, सीडीओ प्रवीण मौर्य, पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताडा, सीएमओ डा. राजेन्द्र प्रसाद आदि थे