Headlines
Loading...
यूपी : मिर्जापुर का नाम बदलकर विंध्याचल नगर करने की उठी मांग, समर्थन में मंत्री से लेकर आम जनता

यूपी : मिर्जापुर का नाम बदलकर विंध्याचल नगर करने की उठी मांग, समर्थन में मंत्री से लेकर आम जनता

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश में नाम बदलने की सियासत थमती नजर नहीं आ रही है. अलीगढ़ और मैनपुरी के बाद अब मिर्जापुर के नाम को भी बदलने की मांग की जा रही है. यूपी में नाम बदलने की कवायद एक बार फिर से शुरू होते देख अब अन्य जिलों से भी नाम बदलने की मांग उठ रही है. अब मिर्जापुर जिले का नाम बदल कर विंध्याचल नगर करने की मांग की जा रही है.

मिर्जापुर जिले के नाम को माता विंध्यवासिनी के नाम पर किए जाने की मांग उठने लगी है. ऊर्जा राज्य मंत्री रामशंकर सिंह पटेल, प्रो. इंदू भूषण द्विवेदी समेत तमाम नागरिक आध्यात्मिक सांस्कृतिक नगरी को खोई पहचान दिलाने के लिए नाम बदलने की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जिले के बाहर जाने पर उन्हें दूसरे लोगों से मिर्जापुर की पहचान विंध्याचल धाम बताना पड़ता है. लिहाजा माता विंध्यवासिनी के नाम पर जिले का नाम ज्यादा सही होगा.

धर्म नगरी काशी और तीर्थराज प्रयागराज के मध्य बसा मिर्जापुर पहले गिरजापुर के नाम से जाना जाता था. गिरजा यानि पार्वती का नगर कहा जाता था. मिर्जापुर का एक और अर्थ है मीर यानि समुद्र, जा का मतलब पुत्री और पुर का अर्थ हुआ नगरी. इस प्रकार मिर्जापुर का मतलब हुआ समुद्र से उत्पन्न माता लक्ष्मी अर्थात लक्ष्मी माता विंध्यवासिनी की नगरी. कालांतर में इसे मिर्जापुर नाम दिया गया. जिले का नाम लिखने में ही भ्रम की स्थिति है. प्रदेश सरकार जहां मीरजापुर लिखता है. वहीं पर केंद्र सरकार मिर्जापुर लिखता आ रहा है. यही नहीं रेलवे स्टेशन पर मिर्जापुर है तो कागजों में मीरजापुर है. प्रदेश में ही जिले के नाम को अधिकांश लोग नहीं जानते. उन्हें विंध्याचल धाम बताना पड़ता है तो वह जिले को समझ पाते हैं. लिहाजा लोगों की मांग है कि पर्यटन के विकास के लिए करोड़ रुपए खर्च किया जा रहा है. इस हालात में मिर्जापुर का नाम विंध्याचल धाम के नाम पर किया जाना ज्यादा उपयुक्त होगा.