Headlines
Loading...
यूपी : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का लखनऊ दौरा आज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

यूपी : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का लखनऊ दौरा आज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

लखनऊ: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद चाकचौबंद सुरक्षा इंतजामों के बीच उत्तर प्रदेश के 4 दिवसीय दौरे पर गुरुवार को लखनऊ पहुंचेंगे. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ राष्ट्रपति के सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. कोविंद सपरिवार राजभवन में प्रवास करेंगे. वह अपने 4 दिवसीय दौरे के दौरान अयोध्या में राम मंदिर का दौरा करेंगे.

राजधानी लखनऊ में 26 अगस्त को राष्ट्रपति कोविंद बाबा भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में एक प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं. इस कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नर लखनऊ ध्रुव कांत ठाकुर व संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया ने बुधवार की रात रिजर्व पुलिस लाइन स्थित संगोष्ठी सदन में एक गोष्ठी का आयोजन किया. जिसमें संबंधित अधिकारियों को शांति सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 26 अगस्त को लखनऊ पहुंचेंगे. इसके साथ ही वह 29 अगस्त तक प्रदेश में प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है. 

पुलिस कमिश्नर लखनऊ डीके ठाकुर व संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित संगोष्ठी सदन में गोष्ठी का आयोजन किया गया.पुलिस कमिश्नर लखनऊ व संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया द्वारा राष्ट्रपति के लखनऊ आगमन से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की. इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों को यातायात व्यवस्था व अपनी ड्यूटी के प्रति विशेष सतर्कता बरतने व सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.पुलिस कमिश्नर द्वारा लखनऊ में चप्पे-चप्पे पर पुलिस व्यवस्था के कड़े व्यापक इंतजाम करते हुए राजपत्रित अधिकारी, कर्मचारियों की तैनाती की गई है. 

इसके साथ ही सुगम यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस की लखनऊ के प्रमुख स्थानों व चौराहों पर भी तैनाती की गई है. जिससे आम जनमानस को किसी भी तरह की जाम संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े व यातायात सुचारू रूप से चलता रहे. इसके साथ ही साथ सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के लिए भी जोर दिया गया है.


 पुलिस कमिश्नर द्वारा वीवीआईपी सुरक्षा में लगे सभी राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, कर्मचारी को शांति सुरक्षा एवं बेहतर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए निर्देशित किया है.