Headlines
Loading...
UPSSSC PET 2021: पीईटी का रिजल्ट सितंबर अंत तक होगा घोषित, 25 हजार पदों पर भर्तियों के लिए मिलेगा मौका

UPSSSC PET 2021: पीईटी का रिजल्ट सितंबर अंत तक होगा घोषित, 25 हजार पदों पर भर्तियों के लिए मिलेगा मौका

UPSSSC PET 2021: उत्तर प्रदेश सरकार की सेवाओं में समूह-ग के पदों पर भर्ती के मकसद से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में कुल 2254 परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) आयोजित की। दो पालियों में हुई इस परीक्षा के लिए 20.73 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से लगभग 85 फीसद (17.5 लाख) ने इम्तिहान में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। परीक्षा समाप्त होने के बाद आयोग ने दोनों पालियों की परीक्षाओं की प्रश्न पुस्तिकाओं की आठ-आठ सीरीज अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी हैं, जिन्हें चार सितंबर तक देखा जा सकेगा। आयोग पीईटी का रिजल्ट सितंबर अंत तक घोषित करेगा।

पीईटी की पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे कुल 70 हजार सीसीटीवी कैमरों के जरिये परीक्षा की निगरानी की गई। आयोग के कंट्रोल रूम ने लाइव फीड के जरिये परीक्षा से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर रखी। शासन की ओर से जिलों में प्रेक्षक के तौर पर भेजे गए विशेष सचिव स्तर के अधिकारी भी ड्यूटी पर मुस्तैद रहे।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने बताया कि कैमरों के जरिये परीक्षा की निगरानी के दौरान कुशीनगर के एक परीक्षा केंद्र पर कक्ष निरीक्षक द्वारा कुछ परीक्षार्थियों को नकल कराते देखा गया और उसके खिलाफ फौरन कार्रवाई की गई। इसके अलावा परीक्षा निर्विघ्न और शांतिपूर्ण रही। उन्होंने बताया कि परीक्षा का परिणाम एक महीनेे (सितंबर अंत तक) में घोषित कर दिया जाएगा।


पीईटी के रिजल्ट के आधार पर शार्टलिस्ट किये जाने वाले युवाओं को इसी वित्तीय वर्ष में विभिन्न विभागों में समूह-ग के 25 हजार पदों पर भर्तियों के लिए आयोजित की जाने वाली मुख्य परीक्षाओं में मौका मिलेगा।