National
सफल रहा SpaceX Inspiration-4 मिशन, अंतरिक्ष की सैर कर धरती पर लौटे आम नागरिक, देखें यान की लैंडिंग
नई दिल्ली । स्पेसएक्स का इंस्पिरेशन-4 मिशन अब आधिकारिक तौर पर सफल हो गया है। पृथ्वी के तीन दिन तक चक्कर लगाने के लिए चार लोगों के साथ गई 'स्पेसएक्स' की पहली निजी उड़ान धरती पर लौट आई है। इसी गुरुवार को निजी अंतरिक्ष यात्रा पर गए चार शौकिया अंतरिक्ष यात्री तीन दिनों तक ग्रह की परिक्रमा करने के बाद शनिवार की रात (भारतीय समयानुसार रविवार सुबह) सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस आ गए। ऐसा पहली बार है जब अंतरिक्ष यान में मौजूद कोई भी व्यक्ति पेशेवर अंतरिक्ष यात्री नहीं था।
स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल अंतरिक्ष यान 'रेसिलिएंस' संयुक्त राज्य अमेरिका में फ्लोरिडा के तट पर अटलांटिक महासागर में लगभग 7:07 बजे ईडीटी (भारतीय समयानुसार करीब 4:37 बजे) पर लैंड किया। स्पेसएक्स ने सफल टेक ऑफ के बाद सफल लैंडिंग कराकर एक इतिहास रच दिया है। इस मिशन ने मानव अंतरिक्ष यान के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है और शायद इसने स्पेस टूरिज्म का दरवाजा खोल दिया है।
स्पेसएक्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से अंतरिक्ष यान की लैंडिंग की एक क्लिप पोस्ट की और जिसके कैप्शन में लिखा है- पृथ्वी पर आपका स्वागत है है इंस्पिरेशन-4। स्पेसएक्स मिशन कंट्रोलर ने समुद्र में यान की लैंडिंग के बाद कहा कि स्पेसएक्स की ओर से पृथ्वी ग्रह पर आपका स्वागत है। आपके मिशन ने दुनिया को दिखाया है कि अंतरिक्ष हम सभी के लिए है। वहीं, इस अंतरिक्ष यात्रा को स्पॉन्सर करने वाले 38 वर्षीय अरबपति जारेड इसाकमैन ने जवाब में कहा कि बहुत बहुत धन्यवाद, स्पेसएक्स।
बता दें कि 'स्पेसएक्स के 'ड्रैगन कैप्सूल' में दो पुरुष और दो महिलाएं थीं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से 100 मील (160 किलोमीटर) ऊंचाई वाली एक कक्षा से पृथ्वी की परिक्रमा करते हुए तीन दिन बिताए। इस उड़ान का नेतृत्व 38 वर्षीय अरबपति जारेड इसाकमैन ने किया। वह 'शिफ्ट4 पेमेंट्स इंक' के कार्यकारी प्रबंधक हैं। उनके अलावा कैंसर से उबरी हेले आर्सीनॉक्स (29), स्वीपस्टेक विजेता क्रिस सेम्ब्रोस्की (42) और एरिज़ोना में एक सामुदायिक कॉलेज के शिक्षक सियान प्रॉक्टर (51) इन मिशन में शामिल थीं।
आर्सीनॉक्स अंतरिक्ष में जाने वाली सबसे कम उम्र की अमेरिकी हैं। वह किसी कृत्रिम अंग के साथ अंतरिक्ष में जाने वाली पहली शख्स भी है। उनके बाएं पैर में टाइटेनियम रॉड पड़ी है। बता दें कि अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से भारतीय समयानुसार बृहस्पतिवार सुबह चार लोगों को लेकर स्पेसएक्स का 'क्रू ड्रैगन कैप्सूल' अंतरिक्ष के लिए रवाना हो गया।
यह 'स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क द्वारा अंतरिक्ष में पर्यटकों के रूप में भेजा गया पहला समूह है। अंतरिक्ष को पर्यटन के लिए इस्तेमाल करने का पहले विरोध करने वाला नासा भी अब इसका समर्थन कर रहा है।