Covid-19
गांधी और शास्त्री जयंती पर भारत ने रचा कीर्तिमान, देश में 90 करोड़ के पार हुआ कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( Coronavirus ) से जंग के बीच भारत में तेजी से वैक्सीनेशन ( Corona Vaccination In India ) की रफ्तार बढ़ाई जा रही है। हाल में पीएम मोदी के जन्मदिन पर रिकॉर्ड ढाई करोड़ टीके एक दिन में लगाए जाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया था। इसके साथ ही रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना का टीकाकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर भारत ने गांधी और शास्त्री जयंती ( Gandhi - Shastri Jayanti 2021 ) के मौके पर नया कीर्तिमान रचा है।
देश में 90 करोड़ से अधिक टीके देने का काम किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शनिवार ये जानकारी साझा की। कोरोना से जंग के बीच वैक्सीनेशन अभियान के तहत केंद्र को सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया से 65.25 करोड़ से अधिक कोविशील्ड खुराक और भारत बायोटेक से कोवैक्सीन की 9.1 करोड़ खुराक 19 सितंबर तक प्राप्त हुई हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार को पूरे देश में कोरोना के 24,354 नए मामले दर्ज किए गए हैं। देश में सक्रिय मामले कम हुए हैं। इनका आंकड़ा 3 लाख से नीचे ही चल रहा है।
देश में अब 2 लाख 73 हजार 889 सक्रिय केस हैं। वहीं अब तक 4 लाख 48 हजार 573 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गंवाई है।