UP news
प्रयागराज : कुछ ही समय में संगम नगरी पहुंचेंगे पीएम मोदी , महिला सशक्तिकरण पर देंगे संदेश
प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को संगमनगरी से महिला सशक्तीकरण का संदेश देंगे। वह त्रिवेणी तट के करीब स्थित परेड मैदान पर आयोजित महिला सशक्तीकरण सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई होर्डिंग में लिखा है-‘महिला सशक्तीकरण सिर्फ बात नहीं’ इससे स्पष्ट है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य यह बताना है कि प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार के सहयोग से महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काफी काम किया है। शनिवार को कार्यक्रम की तैयारी देखने आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया था कि यह पूरी तरह से सरकारी कार्यक्रम है, इसलिए इसे राजनीति से दूर रखा जाए। पर विधानसभा चुनाव के ठीक पहले हो रहे इस आयोजन के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। इस कार्यक्रम को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की ओर से दिए गए नारे- लड़की हूं लड़ सकती हूं... से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि आयोजन से जुड़े अफसरों का कहना है कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार और अच्छा काम करने वाली महिलाओं को सम्मान देने के उद्देश्य से हो रहा है। ताकि बाकी महिलाएं उनसे प्रेरित हो सकें। अफसरों के मुताबिक कार्यक्रम के लिए प्रयागराज का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि कुंभ नगरी से निकला सकारात्मक संदेश प्रदेश ही नहीं पूरे देश में जाता है।
पीएम मोदी के कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से जुड़ी प्रदेशभर की 2.73 लाख महिला लाभार्थी शामिल होंगी। पीएम दो घंटे प्रयागराज में रहेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सहित महिला मंत्री और सांसद कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। मंच पर मंत्री, सांसद और विधायक को मिलाकर 33 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
-पीएम मोदी का यह कार्यक्रम प्रयागराज के परेड मैदान में हो रहा है। परेड मैदान को इसके लिए खासतौर पर तैयार किया गया है। यहां 85 हजार वर्गमीटर में पंडाल तैयार किया गया है। इसमें पौने तीन लाख महिलाओं के बैठने का प्रबंध है। मंच तैयार हो चुका है, जिसे एसपीजी के हवाले किया जा चुका है। सोमवार को दिन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम के दो प्रमुख अंग होंगे। प्रधानमंत्री का संबोधन और संवाद। संवाद के लिए परेड मैदान में एक कक्ष बनाया गया है। वहां विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट काम करने वाली महिलाओं को बैठाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रधानमंत्री प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान तीन अलग-अलग योजनाओं की 25-25 यानी कुल 75 महिलाओं से संवाद करेंगे।
-कार्यक्रम में नौ सरकारी योजनाओं से जुड़ी महिलाएं शामिल होंगी। इसमें समूह सखी, बैंक सखी, बीसी सखी, कृषि आजीविका सखी, विद्युत सखी, सामुदायिक शौचालय और टेक होम राशन के संचालन से जुड़ी महिलाओं के साथ ही कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूह की लाभार्थी महिलाएं शामिल हैं।
-पीएम प्रदेश की 202 तहसीलों में स्थापित हो रहे टेक होम प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इनमें आठ प्लांट प्रयागराज की आठ तहसीलों में स्थापित किए जाएंगे।
पीएम प्रदेश के विभिन्न जिलों में क्रियाशील 1.60 लाख स्वयं सहायता समूहों के खाते में 1000 करोड़ रुपये का रिवाल्विंग फंड स्थानांतरित करेंगे।
-मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के एक लाख एक हजार लाभार्थियों के खाते में पीएम फंड ट्रांसफर करेंगे।
-पीएम मोदी 12:45 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वे परेड मैदान हेलीपैड पर 1:05 बजे पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल पर उनका आगमन 1:10 बजे होगा। कार्यक्रम स्थल पर वे सबसे पहले प्रदर्शनी का अवलोकन 1:10 बजे से 1:15 बजे तक करेंगे उनका उद्बोधन प्रधानमंत्री का उद्बोधन 1:50 से 2:20 बजे तक होगा। दोपहर 2:48 बजे वे बमरौली एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे।