UP news
यूपी: चंदौली में वेबसाइट खुलने के दो मिनट बाद ही खत्म हो जा रहा ई उपार्जन पोर्टल टोकन। .
पीडीडीयू नगर। चंदौली में धान खरीद में किसानों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। क्रय केंद्र प्रभारियों के हड़ताल की वजह से दो दिन धान की खरीद ठप रही। अब जब खरीद शुरू भी हुई है तो किसानों को टोकन नहीं मिल पा रहा है। वेबसाइट खुलने के मात्र दो मिनट बाद ही टोकन खत्म हो जा रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे किसानों को है। उनको ऑनलाइन की जानकारी भी नहीं है।
वहीं ऐसे में टोकन के लिए वे साइबर पर निर्भर हैं। हाड़कंपाती ठंड और कोहरे में भोर से ही साइबर पर पहुंच जा रहे हैं। सुबह 10 बजे जैसे ही साइट खुल रही है, वैसे ही टोकन खत्म हो जा रहा है और वे निराश होकर वापस चले आ रहे हैं। यह रोजाना की स्थिति है। किसानों को समझ नहीं आ रहा कि वे क्या करें। कई लोगों ने इस समस्या के समाधान के लिए केंद्रीय मंत्री, डीएम और विधायक से गुहार भी लगाई है।
वहीं दूसरी तरफ़ किसानों का आरोप है कि प्रशासन जानबूझ कर हम किसानों को परेशान कर रहा है कि मजबूर होकर हमे औने-पौने दाम पर धान को बिचौलियों को बेचना पड़े। वहीं दूसरी तरफ़ बबुरी थाना क्षेत्र के खरीद गांव निवासी कमलाकांत तिवारी पिछले दस दिनों से ऑनलाइन टोकन के लिए परेशान हैं पर उनको टोकन नहीं मिल रहा है। उन्होंने बीएचयू में पढ़ रहे अपने पुत्र दुर्गेश तिवारी से समस्या बताई।
वहीं दूसरी तरफ़ दुर्गेश ने बताया कि सुबह पांच बजे से मैं और मेरा दोस्त दोनो लोग दो कम्प्यूटर पर साइट खोलकर बैठे थे। 10 बजे जैसे ही साइट खुली। वैसे ही पांच मिनट के अंदर टोकन खत्म होने का संकेत आने लगा। यही नहीं अगले दो दिनों तक का टोकन बिका दिखाने लगा। दुर्गेश ने उनको ट्वीट करके लिखा कि इस व्यवस्था से किसानों को अपना धान बिचौलियों को बेचने पर मजबूर किया जा रहा है। रेलवे के तत्काल टिकट से भी कम समय में टोकन समाप्त हो जा रहा है।