UP news
यूपी: वाराणसी में तीन दिनी संगीत महोत्सव में ख्यात सुर साधकों की होगी जुटान, कई वाद्ययंत्रों की जुगलबंदी से जमेगी महफिल।
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम यात्रा के तहत बुधवार यानी पांच से सात जनवरी तक काशी में शास्त्रीय संगीत के विभिन्न घरानों का सम्मेलन होगा। संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली और लखनऊ व संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चौकाघाट स्थित पद्मविभूषण गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजन होगा। इसका उद्घाटन पर्यटन मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी करेंगे।
वहीं पांच जनवरी को दिल्ली की विदुषी मीता पंडित, विदुषी सुधा रघुरामन हिंदुस्तानी और कर्नाटक शैली का गायन प्रस्तुत करेंगी। दिल्ली के पं. अनिन्दो चटर्जी, पं. अनुव्रत चटर्जी व मुराद अली खान की तबला जुगलबंदी सुनने को मिलेगी। वाराणसी से पद्मभूषण पं. साजन मिश्र, मुंबई के पं. रोनू मजूमदार, कोलकाता के पं. तरुण भट्टाचार्य बांसूरी एवं संतूर वादन करेंगे।
वहीं छह और सात जनवरी को पं. विश्वमोहन भट्ट मोहन वीणा के तार झंकृत करेंगे तो पद्मश्री मालिनी अवस्थी माटी की सोंधी सुगंध लिए उपशास्त्रीय गायन से मंच सजाएंगी। पद्मविभूषण पं. छन्नूलाल मिश्र, अश्विनी भिड़े देशपांडे, पं. निलाद्री कुमार, पद्मश्री राशिद खान भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह मंच प्रतिदिन शाम चार से रात आठ बजे तक सजेगा।
वहीं दूसरी तरफ़ तीन दिनी राग रंग महोत्सव में शास्त्रीय संगीत घरानों के सम्मेलन में शहनाई, वीणा, सितार, वायलिन और तबले की थाप काशी के संगीत हेरिटेज से परिचय कराएंगे। इस महोत्सव में संगीतरसिकों को शास्त्रीय संगीत का संगम देखने को मिलेगा। इस महोत्सव में पद्म अवार्डियों का मेला भी जुटेगा। सात पद्म पुरस्कार विजेता इस महोत्सव में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।