नजरबंद किए जाने पर भड़के उदय प्रताप सिंह, ट्विटर पर लिखा हिंदुओं की पीठ छुरा घोंपने जैसा,,,।
मोहर्रम के दिन नजरबंद करने से नाराज जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह ने देर शाम ट्वीट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।जिसकी सियासी गलियारे में खासी चर्चा है।
उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि लगभग नौ साल पहले एक विभाजित हिंदू कम से कम इतना एकजुट हुआ कि उसने एक ऐसी पार्टी का चुनाव किया जिसे वे एक हिंदू पार्टी मानते थे। उस पार्टी ने जो किया वह हिंदुओं की पीठ में छुरा घोंपना और अपने कट्टर दुश्मनों को खुश करना था। यह मुस्लिम विरोधी होगा और संभवत: पीएम मोदी के लिए अस्वीकार्य होगा।
राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप ने ट्वीट कर सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश। मोहर्रम के दिन शेखपुर गांव में ताजिये के रास्ते में हनुमान मंदिर पर भंडारा और सुंदरकांड पाठ के आयोजन के चलते प्रशासन राजा भैया के पिता को कई वर्षों से नजरबंद कर रहा है। इस बार उनकी ओर से मोहर्रम के दिन किसी प्रकार के आयोजन की घोषणा नहीं की गई थी।
कुंडा में निकाला मातमी जुलूस
कुंडा। मोहर्रम के पर्व पर कस्बे में शिया समुदाय के लोगों ने मातमी जुलूस निकाला। काले परिधान में निकले 10 युवा हाथ में अलम लिए मातमपुर्सी करते हुए निकले। कस्बे में निकला जुलूस कर्बला पहुंचकर वापस हुआ। हालांकि दूसरे लोगों के जुलूस न निकालने से सन्नाटा पसरा रहा।
परंपरागत तरीके से मनाया गया मोहर्रम
जिले में मोहर्रम गमगीन माहौल में परंपरागत तरीके से मनाया गया। रखहा, आसपुर देवसरा, सुवंसा, मानिकपुर, लीलापुर, शमशेरगंज, बोझी विश्वनाथगंज, कोहड़ौर, देवसरा क्षेत्र में परंपरागत तरीके से मोहर्रम मनाया गया। लोगों ने ताजिया का फूल कर्बला में दफनाया।
वाहनों को किया डायवर्ट, लगा रहा जाम
शहर में मोहर्रम के जुलूस को देखते हुए रूट डायवर्ट करते हुए पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। प्रयागराज- अयोध्या राजमार्ग पर रंजीतपुर चिलबिला में देर शाम तक कर्बला में ताजिया का फूल दफनाया जाता रहा। दुआ के बाद लोग अपने घरों को रवाना हुए। जुलूस के चलते वाहनों का आवागमन रोका गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे हाईवे पर वाहनों का आवागमन प्रारंभ होते ही जाम लग गया। जिसे हटवाने में पुलिस मशक्कत करती रही।
सीओ सिटी को किया सम्मानित
मोहर्रम के पर्व पर बेहतर यातायात व सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम करने के लिए मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष हैदर अली ने सीओ सिटी करिश्मा गुप्ता को सम्मानित किया। जुलूस के साथ सीओ सिटी पूरे समय तक डटी रहीं।