पीएम मोदी बर्थडे :: अपने सांसद का जन्मोत्सव मना रहा पूरा बनारस, 73 मंदिरों में पूजा-पाठ, मां गंगा से भी की गई विशेष पूजा अर्चना,,,।
बनारस की जनता आज अपने सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मना रही है। मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया। शहर के 73 मंदिरों में पूजा-पाठ का आय़ोजन है। शाम में दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती की जाएगी।शनिवार शाम भी अस्सी घाट पर गंगा आरती करके पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना की गई। शहर भर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से अनेक कार्यक्रम आयोजित हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की तरफ से काशी विश्वनाथ मंदिर में हवन-पूजन करके मोदी की लंबी उम्र की कामना की जाएगी।
खत्री हितकारिणी सभा व मारवाड़ी युवा समाज भी जन्मदिन मनाएगा। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में फल और मंडलीय अस्पताल में टीबी उन्मूलन किट वितरित किया जाएगा। अहिल्याबाई घाट पर रविवार सुबह मां गंगा का दुग्धाभिषेक करके पीएम मोदी का जन्मदिन मनाया गया।
शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी ने काशी के 73 बटुकों के साथ गंगा में दुग्धाभिषेक कर और चुनरी चढ़ा कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की। वैदिक ब्राह्मण पंडित उदित नारायण मिश्र के आचार्यत्व में सर्वप्रथम सविधि षोडशोपचार पूजन कराया। इसके बाद वैदिक मंत्रों के बीच केसर जल और दूध से अभिषेक किया गया।
कार्यक्रम संयोजक महानगर कार्यसमिति सदस्य डॉ. पवन शुक्ला ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार ही भाजपा संगठन व विप्र समाज के संयुक्त तत्वावधान में काशी के बटुक ब्राह्मण अपने सांसद व देश के प्रधानमंत्री के लिए एकत्रित होकर गंगा के सुरम्य तट पर यह विशेष आयोजन कर रहे हैं।
व्यापारियों ने किया पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना
महानगर उद्योग व्यापार समिति के पदाधिकारी व सदस्यो द्वारा पीएम मोदी का जन्मदिन रविवार को मनाया गया। संरक्षक आरके चौधरी ने कहा कि सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान व औद्योगिक क्षेत्रों में पीएम के दीर्घायु होने की कामना की गई। वाराणसी व्यापार मंडल भी पीएम मोदी के जन्मदिन पर कई तरह के कार्यक्रम को आयोजित कर रहा है।
लड्डू रूपी 73 केक काटकर मनाया जन्मदिन
पत्रकारपुरम में संकल्प सिद्धि हनुमान मंदिर के पास बच्चों ने 73 किलो का लडडू रूपी केक काटकर पीएम मोदी का जन्मदिन मनाया। मंदिर को फूलों से सजाया गया। सुंदरकांड का पाठ भी हुआ।