माफिया अतीक भाई, अशरफ के साले सद्दाम का पासपोर्ट रद्द कराना भूल गई पुलिस, प्रयागराज से बरेली तक संभालने लगा काला कारोबार,,,।
Atiq-Ashraf Relatives: माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ का साला सद्दाम उर्फ अब्दुल समद पुलिस रिकॉर्ड में शातिर अपराधी है। उमेश पाल हत्याकांड से पूर्व उसके खिलाफ न केवल फर्जीवाड़ा के केस दर्ज थे बल्कि अशरफ को पनाह देने के आरोप में 2020 में सद्दाम समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
इन संगीन आरोपों के बाद भी पुलिस ने सद्दाम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की। वह प्रयागराज से लेकर बरेली तक अशरफ का अवैध धंधा संभालने लगा। हैरानी की बात ये है कि इस दौरान पुलिस ने उसका पासपोर्ट तक निरस्त नहीं किया।
गुरुवार को जब एसटीएफ ने एक लाख के इनामी सद्दाम को पकड़ा तो गहन पूछताछ में कई राज बाहर आए। उसने स्वीकार किया कि बरेली में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से पहले ही वह भाग निकला था। फरारी के दौरान पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने दुबई की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कराई।
पुलिस सूत्रों की मानें तो सद्दाम ने पूछताछ में बताया कि उमेश पाल की हत्या से पहले वह खाड़ी देशों में घूमने गया था। अगस्त 2022 में वह विदेश गया था। अब सवाल ये है कि जिस सद्दाम के खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं, वह कैसे विदेश चला गया। आखिर उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
सद्दाम को रिमांड पर लेगी पुलिस, प्रेमिका भी फंसी
माफिया अशरफ के साले सद्दाम को बिथरी चैनपुर में दर्ज अवैध मुलाकात प्रकरण में जेल भेज दिया गया है। अब बारादरी पुलिस उसे फर्जीवाड़ा कर किराये पर मकान लेने, चोरी और धमकी देने के मुकदमे में रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। साथ ही सद्दाम की मददगार पूर्व मंत्री की बेटी एवं उसकी गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ की जाएगी।
सद्दाम के खिलाफ थाना बारादरी में भी एक मुकदमा दर्ज है। यह मुकदमा आजमनगर निवासी मोहम्मद हसीन ने दर्ज कराया था। हसीन का कहना है कि मुंबई में रहने वाले उनके भाई मोहम्मद तसलीम का फाइक इंक्लेव की खुशबू कॉलोनी में मकान है। सद्दाम ने मुस्ताक बनकर मोहम्मद तसलीम का मकान किराये पर लिया और इसी नाम से एग्रीमेंट बनवाकर उनके हस्ताक्षर करवाए। जनवरी 2023 में वह बाकी बचा किराया लेने गए तो उसने जान से मारने की धमकी दी।