Headlines
Loading...
बारावफात और अनंत चतुर्दशी को लेकर वाराणसी में पुलिस अलर्ट, रूट डायवर्जन लागू,,,।

बारावफात और अनंत चतुर्दशी को लेकर वाराणसी में पुलिस अलर्ट, रूट डायवर्जन लागू,,,।

'ईद ए मिलाद उन नबी यानी बारावफात और अनंत चतुर्दशी आज है। इसे लेकर वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस हाई अलर्ट पर है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) एस चनप्पा ने फोर्स के साथ शहर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त की। उन्होंने बताया कि शांति समितियों की बैठकों में पहले ही सभी से अपील की जा चुकी है कि कोई नई परंपरा नहीं शुरू करने दी जाएगी।

जिले के लोगों से अपील है कि वह आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं। सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी की जा रही है। शांति और कानून व्यवस्था में बाधक बनने का प्रयास करने वालों के साथ पुलिस बेहद सख्ती से पेश आएगी।

सुबह आठ बजे से जुलूस समाप्त होने तक रूट डायवर्जन

बारावफात पर नगर क्षेत्र में जुलूस निकालने के साथ ही अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि जुलूसों और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को देखते हुए सुगम यातायात के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी।

इसके अलावा रेवड़ी तालाब, रामापुरा, बेनिया, लहुराबीर, जैतपुरा, दालमंडी, दशाश्वमेध और मैदागिन सहित अन्य चिह्नित इलाकों में जुलूस के आवागमन के समय आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सुबह आठ बजे से रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। रूट डायवर्जन प्लान जुलूस समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।

- जुलूस के आवागमन के दौरान गुरुबाग तिराहे से किसी भी वाहन को रामापुरा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

- भेलूपुर चौराहा से किसी भी वाहन को रामापुरा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

- लहुराबीर चौराहा से किसी भी वाहन को रामापुरा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

- सोनारपुरा तिराहे से किसी भी वाहन को गौदोलिया, रामापुरा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

- गोलगड्डा तिराहे से किसी भी वाहन को विशेश्वरगंज, मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

- भदऊं चुंगी तिराहे से किसी भी वाहन को विशेश्वरगंज, मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए रूट डायवर्जन

कंपनीबाग पोखरा के लिए डायवर्जन-गोलगड्डा तिराहे और भदऊं चुंगी तिराहे से किसी भी वाहन को विशेश्वरगंज, मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

शंकुलधारा पोखरा के लिए डायवर्जन-कमच्छा तिराहे और चेतमणी चौराहा से किसी भी वाहन को खोजवा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।