वाराणसी :: पीएम मोदी के प्रमुख सचिव पी.के.मिश्रा ने देखा बरेका में इंजन उत्पादन का काम,,,।
वाराणसी दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव पीके मिश्र ने शुक्रवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में इंजन उत्पादन का कामकाज देखा। बरेका के विभिन्न कार्यशालाओं जैसे लोको फ्रेम शॉप, हार्नेस शॉप, लोको असेंबली शॉप और लोको टेस्ट शॉप का भ्रमण किया।इस दौरान उन्होंने लोको ड्राइवर कैब का भी निरीक्षण किया।
बरेका महाप्रबंधक बासुदेव पांडा ने उन्हें बरेका में चल रही परियोजनाओं के साथ ही उत्पादन प्रक्रिया व तकनीकी विषयों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान आवास और शहरी मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव दीपक अग्रवाल, कमिश्नर कौशल राज शर्मा व जिलाधिकारी एस राजलिंगम, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एसके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
इससे पहले गुरुवार शाम प्रमुख सचिव ने काशी विश्वनाथ धाम में हाजिरी लगाई थी। विधि-विधान से दर्शन पूजन के बाद प्रमुख सचिव ने पूरे धाम परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में शामिल हुए।
मोजाम्बिक रेलवे की टीम को पसंद आई बरेका के इंजन की डिजाइन
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के इंजन की डिजाइन और उसकी क्षमता ने मोजाम्बिक रेलवे के अधिकारियों को खासा प्रभावित किया। शुक्रवार को राइट्स अधिकारियों के साथ पहुंचे दल ने बरेका की कार्यशालाओं में इंजन उत्पादन का कामकाज देखा। उपलब्ध निर्माण सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
यहां उपलब्ध इंजन की डिजाइन, उसकी क्षमता और निर्माण सुविधाओं से भी काफी प्रभावित हुए। इस दौरान प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एसके श्रीवास्तव ने मोजाम्बिक को निर्यात किए गए लोको इंजन के बारे में बताया।
चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में कार्लोस स्मेल मैम्बो, एक्वीसटल हेजी इब्रैमो, मिलिऑन फेनिज कुना चेंजला और इनेसिओ फ्लोर कुम्बाला शामिल थे।