Headlines
Loading...
मुंबई :: वर्तमान विश्वकप चैंपियन इंग्लैंड की सबसे बड़ी हार, साउथ अफ्रीका ने बुरी तरह 229 रनो से हराया और तीसरे स्थान पर पहुंचा,,,।

मुंबई :: वर्तमान विश्वकप चैंपियन इंग्लैंड की सबसे बड़ी हार, साउथ अफ्रीका ने बुरी तरह 229 रनो से हराया और तीसरे स्थान पर पहुंचा,,,।

मुंबई :: हेनरिच क्लासेन की तूफानी शतकीय पारी के दम पर साउथ अफ्रीका की टीम आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में जीत की पटरी पर लौट आई है। प्रोटियाज टीम ने मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड (SA vs ENG) को 229 रन से हराकर 4 मैचों में तीसरी जीत दर्ज की वहीं इंग्लैंड की चार मैचों में यह तीसरी हार है। इससे पहले पिछले मुकाबले में इंग्लैंड अफगानिस्तान के खिलाफ उलटफेर का शिकार हुआ था। वहीं प्रोटियाज टीम को पिछले मैच में नीदरलैंड्स खिलाफ शर्मनाक हार झेलने पर मजबूर होना पड़ा था। साउथ अफ्रीका की टीम के 4 मैचों में 6 अंक हो गए हैं और वह पॉइंट टेबल में न्यूजीलैंड और भारत के बाद तीसरे नंबर पर है। क्लासेन को उनकी धमाकेदार शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

400 रनों का लक्ष्य लेकिन इंग्लैंड 170 रन पर ढेर

साउथ अफ्रीका की ओर से रखे गए 400 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 22 ओवर में 170 रन पर ढेर हो गई। उसने अपने 5 विकेट 64 के स्कोर पर खो दिए थे। ओपनर जॉनी बेयरस्टो 10 रन बनाकर आउट हुए वहीं अनुभवी जो रूट ने 2 रन बनाए। डाविड मलान 6 रन बनाकर पवेलियन लौट जबकि बेन स्टोक्स ने वापसी मैच में 5 रन बनाए। कप्तान जोस बटलर ने 15 रन का योगदान दिया। युवा हैरी ब्रूक ने भी निराश किया। ब्रूक 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे, आदिल राशिद ने 10 रन की पारी खेली। एटकिंसन 35 रन बनाकर आउट हुए, मार्क वुड 43 रन बनाकर नाबाद लौटे।

इंग्लैंड की वनडे क्रिकेट इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी हार

प्रोटियाज टीम की ओर से पेसर गेराल्ड कोएत्जी ने 3 विकेट चटकाए जबकि लुंगी एंगिडी और मार्को यानसेन ने दो दो विकेट निकाले। कैगिसो रबाडा और केशव महाराज के खाते में एक-एक विकेट गया। इंग्लैंड की वनडे में रनों के लिहाज से यह अब तक की सबसे बड़ी हार है। इससे पहले उसे पिछले साल 2022 ऑस्ट्रेलिया ने 221 रन से हराया था जबकि 2018 में श्रीलंका ने कोलंबो में 219 रन से मात दी थी। 

दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवरों में 7 विकेट पर 399 रन बनाएं

इससे पहले, हेनरिच क्लासेन की आतिशी शतकीय पारी और मार्को यानसेन के साथ छठे विकेट के लिए 77 गेंद में 151 रन की साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट पर 399 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। यह विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का सर्वोच्च स्कोर है। क्लासेन ने अपनी चौथी शतकीय पारी के दौरान 4 छक्के और 12 चौके जड़े। उन्होंने 67 गेंद में 109 रन बनाए। यानसेन ने 42 गेंद की नाबाद पारी में 3 चौके और 6 छक्के की मदद से 75 रन बनाए। यह उनके करियर का पहला अर्धशतक है।

हेंड्रिक्स और डुसेन ने दूसरे विकेट पर 121 रन जोड़े और अंतिम 10 ओवरों में 143 रन बने

ओपनर रीजा हेंड्रिक्स (85 रन) और रासी वेन डर डुसेन ( 60 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। हेनरिक क्लासेन ने मार्क वुड के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर पारी के 47वें ओवर में 61 गेंद में इस साल का अपना तीसरा शतक पूरा किया। क्लासेन और यानसेन ने छठे विकेट के लिए सिर्फ 77 गेंदों पर 151 रन जोड़े, जो अब वनडे के साथ-साथ विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के लिए एक रिकॉर्ड है। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 10 ओवरों में ताबड़तोड़ 143 रन बटोरे जिसमें से 46वें से 50वें ओवर में 84 रन बने।