यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय बोले- देवरिया, मेरठ और सुल्तानपुर की घटनाएं दिखा रहीं रामराज्य,,,।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। रामराज्य और बेहतर कानून व्यवस्था का ढिंढोरा सरकार के द्वारा पीटा जा रहा है, लेकिन उसकी हकीकत देवरिया, मेरठ से लेकर सुल्तानपुर तक देखी जा सकती है।सरकार का दावा हवा-हवाई है। ये बातें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहीं। वह बुधवार को आजमगढ़ के नेहरू हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन व स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अजय राय ने कहा कि भाजपा के लोग सिर्फ झूठ बोलते है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह से शाम तक कानून व्यवस्था पर झूठा बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के बाद उन्होंने सभी जिलों का दौरा शुरू किया है। हर जगह कानून व्यवस्था चौपट ही मिली है। कांग्रेस पार्टी इस राज को जनता के सामने लाएगी।
गोरखपुर से आजमगढ़ पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष का जिला कांग्रेस कमेटी ने लाटघाट में स्वागत किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल नेहरू हाल पहुंचने तक रास्ते में कई जगहों पर प्रदेश अध्यक्ष का कांग्रेसजनों ने अभिनंदन किया। नेहरू हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में जिले के सभी 22 ब्लॉकों के कांग्रेसियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। कार्यक्रम को प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह, महासचिव मनिंद्र मिश्रा, संगठन सचिव अनिल यादव, पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष मनोज यादव आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष हवलदार सिंह ने की।