चंदौली :: नए साल 2024 जनवरी में 400 केवी साहूपुरी उपकेंद्र बिहार से जुड़ जाएगा,,,।
चंदौली,(ब्यूरो) तुषार कुमार। साहूपुरी (चंदौली) में बना 400 केवी क्षमता का बिजली उपकेंद्र जनवरी में बिहार से जुड़ जाएगा। चुनार के करकरही और विहरी गांव के पास टावर के माध्यम से दो सर्किट जोड़ी जाएगी। इसके लिए पारेषण विभाग ने वेबसाइट पर आवेदन कर दिया है।
ट्रांसमिशन के अफसरों ने शटडाउन के लिए 14 से 16 तथा 20 से 24 जनवरी का दिन प्रस्तावित किया है। सर्किट जोड़ने के लिए दो महीने पहले आवेदन करना पड़ता है। ट्रांसमिशन के एक्सईएन आरके उपाध्याय ने बताया कि उपकेंद्र ऊर्जीकृत हो गया है।
सर्किट जोड़ने के लिए आवेदन कर दिया गया है। सर्किट जुड़ने के बाद साहूपुरी उपकेंद्र से आपूर्ति भी शुरू हो जाएगी। इससे बनारस, चंदौली, मिर्जापुर, गाजीपुर और भदोही जिलों को आपूर्ति मिलेगी। जरूरत पड़ने पर बिहार को भी बिजली दी जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि उक्त पांच जिलों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर हो जाएगी।
जीआईएस आधारित इस उपकेंद्र पर 449 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। 2019 में निर्माण शुरू हुआ था। 500-500 एमवीए के दो पावर ट्रांसफार्मर लगे हैं। साहूपुरी को राजातालाब स्थित ठठरा उपकेंद्र से बिजली मिलेगी। वह उपकेंद्र भी 400 केवी का है।