यूपी :: लाउडस्पीकर की आवाज कम न करने पर मौलाना और मुतवल्ली पर केस दर्ज, समझाने के बावजूद नहीं मानने पर की गई कार्रवाई,,,।
सीतापुर। धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर बजाने के मामले में पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। जिले में पुलिस ने 15 दिनों के भीतर 12 लाउडस्पीकर उतरवाए और 356 लाउडस्पीकर की आवाज कम कराई।पुलिस के समझाने पर लाउडस्पीकर की आवाज कम न करने पर मौलाना व मुतवल्ली पर केस दर्ज किया गया है।
नगर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस गश्त कर रही थी कि तभी ग्वालमंडी में लाउडस्पीकर से तेज आवाज आ रही थी। धार्मिक भावनाओं को देखते हुए वह रुक गए और जब सभी लोग नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकल आए तब उन्होंने अजान देने वाले व्यक्ति के बारे में लोगों से पूछताछ की।
कोतवाल ने बताया कि खैराबाद के मियां सरायं निवासी मौलवी अब्दुल्ला व ग्वालमंडी के रहने वाले मुतवल्ली बब्बू खां पर केस दर्ज किया गया है। साथ में मौजूद सिपाहियों ने वहां लगे दो लाउडस्पीकर उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी। बताया कि लगातार समझाने के बावजूद लोग तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने से नहीं मान रहे हैं। इससे पुलिस को भी कार्रवाई करनी पड़ रही है।
धर्मगुरुओं से अपील है कि न्यायालय के आदेश क्रम में कम आवाज में ही लाउडस्पीकर का उपयोग करें। अनदेखी करने पर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली नगर में मौलाना व मुतवल्ली पर केस दर्ज किया गया है। आगे भी पुलिस अभियान चलाकर कार्रवाई करती रहेगी।
चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, सीतापुर (यूपी)