वाराणसी :: चोरी और अवैध पिस्टल के आरोप में डॉक्टर समेत पांच हुए गिरफ्तार, चोरी और लूट के कई घटनाओं का हुआ खुलासा,,।
वाराणसी, वरिष्ठ पत्रकार,(ए.के.केसरी)। शिवपुर थाना क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। एसीपी कैंट डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बुधवार को जानकारी दी कि गिरोह के पांच लोग पकड़े गये हैं। इसमें एक डॉक्टर भी है। आरोपी ने रूस से एमबीबीएस की डिग्री ली है। नेपाल से एमडी कर रहा है।
बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दुर्गाकुंड के शंकरधाम कॉलोनी के शशि अपार्टमेंट निवासी डॉ. अनुराग पटेल (मिर्जापुर-चुनार के सहसपुरा पुरुषोत्तमपुर का मूल निवासी), चांदमारी के सुखमय विहार कॉलोनी क्राइस्टनगर निवासी उत्कर्ष सिंह उर्फ हर्ष सिंह, परमानंदपुर निवासी विवेक कुमार, बड़ालालपुर के देवपुरम कॉलोनी निवासी करन राजभर और एक नाबालिग है।
आरोपियों के पास से चोरी के 51 हजार रुपये, एक चेन, पायल, ब्रेसलेट, तीन मोबाइल फोन, रॉड, 12 कारतूस, पिस्टल बरामद किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, पंकज सिंह, हेड कांस्टेबल विनीत कुमार तिवारी, प्रदीप पटेल, दिनेश यादव, सिपाही बालमुकुंद मौर्य, अजीत कुमार गौड़ थे।
कंसलटेंसी आफिस खोल विदेश भी भेजता था
डॉ. अनुराग पटेल ने एमबीबीस की डिग्री जरूर ली है लेकिन इलाज से संबंधित जानकारी उसे नहीं है। उसने दुर्गाकुंड में कंसलटेंसी आफिस भी खोला है। इसके जरिये विदेश में मेडिकल की पढ़ाई के लिए छात्रों को भेजता है। इसके लिए कमीशन लेता है। पुलिस ने बताया कि उसी आफिस में गिरफ्तार आरोपी उत्कर्ष का भाई काम करता है। उसके जरिये ही वह उत्कर्ष के संपर्क में आया। फिर चोरों के गिरोह में शामिल हो गया।
पिस्टल-कारतूस मंगाकर सप्लाई करने की भी आशंका
डॉ. अनुराग पर असलहा सप्लाई की भी आशंका है। उसने असलहा उत्कर्ष को दिया था, ताकि कहीं बेचा जा सके। करीब 15 दिन बाद भी पिस्टल नहीं बिक सकी तो उत्कर्ष ने वापस कर दी। पुलिस इसके बारे में भी पता कर रही है।