मिर्जापुर :: आज दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और बंदूक चली. मरा हुआ कुत्ता बना संघर्ष का कारण,,,।
मिर्जापुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिरसी गहरवार गांव में मरा हुआ कुत्ता फेंके जाने के शक में दो पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस खूनी संघर्ष में 11 लोग घायल हो गए। ग्राम प्रधान पक्ष के घायल 3 लोगों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। जबकि दूसरे पक्ष के 8 लोगों को स्थानी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में चौकसी बढ़ा दी गई है।
आज मंगलवार को सिरसी गहरवार गांव के प्रधान विकास सिंह के घर के पास मंगलवार को मरा हुआ कुत्ता मिला। इस पर ग्राम प्रधान परिवार ने पंचायती चुनाव में सामने आ चुके परिवार पर मरा हुआ कुत्ता फेंकने का शक जाहिर किया। ग्राम प्रधान और उनका परिवार जब शिकायत करने पहुंचा तो वाद-विवाद और धक्का मुक्की होने लगी। नौबत मारपीट तक आ गई, जिसके बाद लाठी-डंडे से लैस होकर लोगों ने हमला कर दिया, दूसरे पक्ष ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें 3 लोग जख्मी बताये जा रहे हैं। जबकि दूसरे पक्ष के 8 लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान दोनों पक्षों की ओर से बंदूके भी निकल आई थीं। कुछ लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की लेकिन, मामला शांत होने के बजाय बढ़ता गया। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों पक्ष से लाठी डंडा चला है। गोली चलने की बात सामने आ रही है, जिसकी जांच कराई जाएगी। दोनों पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है, गांव में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को लगाया गया है।
मारपीट में घायल अवनीश सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधानी के चुनाव से ही रंजिश रखने वाले परिवार ने सुबह मेरे पिता से वाद-विवाद किया। उनके साथ मारपीट की, दरवाजे पर खड़ी दो चार पहिया वाहनों को क्षति ग्रस्त कर दिया गया। जानकारी मिलने पर हम लोग पहुंचे, विवाद बढ़ गया। परिवार में वैवाहिक समारोह होने के कारण तमाम लोग जुटे हैं। झगड़े के दौरान घर की महिलाओं के सोने की चैन भी लूट लिए जाने का आरोप लगाया गया हैं।