डॉक्टर मेरी भांजी का जल्दी इलाज करो...जब सच से उठा पर्दा तो मामा हो गया फरार,,,।
बीकानेर। राजस्थान से एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। यहां फिर एक मासूम अपनों की हैवानियत का शिकार हो गई। बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ थाना इलाके में आठ साल की मासूम बच्ची को उसके सगे क्रूर मामा ने दुनिया का सबसे खौफनाक दर्द दे डाला। उसने मासूम बच्ची पर गंदी नजर डाली और फिर उससे रेप किया। बाद में आरोपी उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। आरोपी सरकारी टीचर है। वारदात सामने आते ही परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई।
पुलिस ने तत्परता बरतते हुए आरोपी मामा को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ छत्तरगढ़ थाने में पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। वहीं पीड़िता का बीकानेर जिला मुख्यालय पर स्थित पीबीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़िता खौफ के साए में है। मासूम से रेप की वारदात के बाद पुलिस महकमा भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आया हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात को रविवार को अंजाम दिया था। रेप के कारण बच्ची घायल हो गई तो आरोपी मामा शाम को पहले उसे पीबीएम अस्पताल लेकर आया। लेकिन वहां उसे फंस जाने का डर लगा। इस पर वह पीड़िता को लेकर एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचा। वहां डॉक्टर ने जब चोट कारण पूछा तो बताया कि बच्ची गिर गई थी। लेकिन डॉक्टर को बच्ची के हालात देखने के बाद शक हो गया। इस पर उसने पुलिस को फोन किया।
यह देखकर आरोपी बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों का पता लगाकर उनको सूचित किया। वारदात की जानकारी मिलते ही परिजन सदमे में आ गए और वे अस्पताल दौड़े. बाद में पीड़िता को पीबीएम अस्पताल ले जाकर वहां भर्ती कराया गया। वहां बच्ची का इलाज शुरू किया गया है। इस बीच पुलिस सक्रियता दिखाते हुए आरोपी मामा को रविवार रात को ही दबोच लिया। आरोपी छत्तरगढ़ के सरकारी स्कूल में सैकेंड ग्रेड टीचर है।