Lok Sabha Election 2024:7 चरणों में होगा लोकसभा चुनाव,19 अप्रैल से शुरू, 1जून अंतिम मतदान, 4 जून को आएगा रिजल्ट, पढ़े डिटेल में..
Lok Sabha Election Dates News : देश में 2024 के लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज गई है। भारतीय निर्वाचन आयोग लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर रहा है। पिछली बार लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा 10 मार्च को की गई थी और 11 अप्रैल से 7 चरणों में मतदान हुआ था।मतगणना 23 मई को हुई थी। पिछले आम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने 303 सीटें जीती थी, जबकि कांग्रेस को 52 सीट मिली थीं। आगामी चुनावों में 12 लाख से अधिक मतदान केंद्रों पर करीब 97 करोड़ लोग मतदान करने के पात्र हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, लोकसभा के चुनाव 7 चरणों में होंगे। पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होगी, जबकि आखिरी चरण के लिए 1 जून को वोट डाले जाएंगे। चुनावों की मतगणना 4 जून को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 10.5 लाख मतदान केंद्र होंगे। चुनाव में 1.5 करोड़ मतदान अधिकारी और सिक्योरिटी स्टाफ होगा। 2024 के चुनाव के लिए 55 लाख से अधिक ईवीएम तैनात की जाएंगी।
भारत में 97 करोड़ मतदाता हैं। 49.72 पुरुष मतदाता, जबकि 47.13 करोड़ महिला मतदाता हैं। 48044 थर्ड जेंडर वोटर्स हैं। 1.8 करोड़ नए मतदाता होंगे, जिनकी उम्र 18-19 साल की है। 20 से 29 साल के मतदाताओं की संख्या 19.74 करोड़ है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 85 साल से अधिक उम्र के जितने भी मतदाता हैं उनके घर जाकर मतदान करवाया जाएगा। इस बार देश में पहली बार ये व्यवस्था एक साथ लागू होगी कि जो 85 साल से अधिक उम्र के मतदाता हैं और जिन्हें 40 प्रतिशत से अधिक की विकलांगता है, उनके पास हम फॉर्म पहुंचाएंगे अगर वो मतदान का ये विकल्प चुनते हैं।
यह है सातों चरण के चुनाव मतदान का विस्तृत विवरण... पहले से सातवें चरण तक
26 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होंगे
देश के अलग-अलग राज्यों की 26 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होंगे। ये चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ ही कराए जाएंगे।
आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोटिंग
आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तारीखों का चुनाव आयोग ने ऐलान किया है। सभी 175 विधानसभा सीटों पर एक साथ चुनाव होंगे। 18 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। 13 मई को वोटिंग होगी और 4 जून को मतगणना होगी।
अरुणाचल प्रदेश में चुनावों का ऐलान, 19 अप्रैल को वोटिंग
अरुणाचल प्रदेश में सभी 60 विधानसभा सीटों पर एक साथ चुनाव होंगे। 20 मार्च को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। 19 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 जून को मतगणना होगी।
सिक्किम में 19 अप्रैल को वोटिंग होगी
सिक्किम में सभी 32 विधानसभा सीटों पर एक साथ चुनाव होंगे। 20 मार्च को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। 19 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 जून को मतगणना होगी।
ओडिशा में 4 चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे
ओडिशा में 4 चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। पहले चरण में 28 सीटों पर 13 मई को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में 35 सीटों के लिए 20 मई को मतदान होगा। तीसरे चरण में 25 मई को 42 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। चौथे चरण में 42 सीटों के लिए 1 जून को वोटिंग होगी। 4 जून को मतगणना होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव में हिंसा की कोई जगह नहीं है। इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाएंगे। चुनावी प्रक्रिया में बाहुबल के अलोकतांत्रिक प्रभाव को रोकने के लिए कई उपाय किए हैं। हर डिस्ट्रिक्ट में कंट्रोल रूम बनाया गया है। डीएम और एसपी को सख्त निर्देश दिए गए हैं। सीएपीएफ को पर्याप्त रूप से तैनात किया जाएगा। चेक पोस्ट और ड्रोन के जरिए निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। मतदाताओं का विश्वास सुनिश्चित करना सर्वोपरि है।
पैसे का दुरूपयोग नहीं होने देंगे: चुनाव आयोग
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बाहुबल की तरह चुनावों में अवैध धन भी चुनावी प्रक्रिया के लिए गंभीर विषय है। 2022-23 के चुनाव चक्र में 11 राज्यों में पांच साल पहले की तुलना में नकदी जब्ती 800 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 3,400 करोड़ रुपये हो गई। उन्होंने कहा कि पैसे का दुरूपयोग नहीं होने देंगे। हमने धन, शराब आदि के दुरुपयोग के संबंध में प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बैठक की है। धन के दुरुपयोग से बचने के लिए विश्लेषण आधारित कार्य किया जाना चाहिए। बैंक पैसे के संदिग्ध लेनदेन की रिपोर्ट भेजेंगे। हेलीकॉप्टरों और चार्टर्ड उड़ानों की गहन जांच की जाएगी। हर जिले में कंट्रोल रूम है। टीवी, सोशल मीडिया, वेबकास्टिंग, 1950 और सी विजिल पर शिकायत की व्यवस्था की गई है। एक सीनियर अफसर हमेशा इन 5 चीजों पर नजर रखेगा। जहां शिकायत मिलेगी, सख्त कार्यवाही की जाएगी।