Headlines
Loading...
कानपुर:पार्षद ने रोहिंग्या को दिलाई भारतीय होने की पहचान, पड़ोसी ने दिलाया था ऑटो, सामने आई ये बड़ी बात...

कानपुर:पार्षद ने रोहिंग्या को दिलाई भारतीय होने की पहचान, पड़ोसी ने दिलाया था ऑटो, सामने आई ये बड़ी बात...

Rohingyya Mohd Sahil Arrested: कानपुर में म्यांमार के साइडुय मंगडो शहर (आईकब) निवासी मो. साहिल को भारतीय होने की पहचान सभासद ने दिलाई। उसके प्रमाणपत्र की बदौलत रोहिंग्या ने अपना ही नहीं, बल्कि परिवार का आधार कार्ड बनवाया। फिर पासपोर्ट भी तैयार कराया। यह जानकारी पुलिस की जांच में सामने आई है। 

अब मामले में पार्षद का नाम शामिल किया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात वाहन चेकिंग के दौरान मो. साहिल को गिरफ्तार किया था। वह परिवार के साथ पिछले आठ वर्षों से शुक्लागंज के मनोहर नगर के पास झुग्गी झोपड़ी डालकर रह रहा था। पुलिस ने बुधवार देर रात एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
 

सभासद शहजाद उर्फ शहजादे ने दिया था प्रमाणपत्र

उसके पास से ड्राइविंग लाइेंस, आधार कार्ड और पासपोर्ट बरामद किया था। पुलिस ने आधार कार्ड और डीएल के बारे में जब रोहिंग्या से पूछताछ की तो उसने बताया कि शुक्लागंज के मनोहरनगर के सभासद शहजाद उर्फ शहजादे ने उसे और उसके परिवार का भारतीय होने का प्रमाणपत्र दिया था। उन्होंने आधार कार्ड, डीएल और पासपोर्ट बनवाने में भी मदद की थी।

मो. साहिल को भेज दिया जेल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मो. साहिल व उसका परिवार म्यांमार के हैं। यह जानते हुए भी सभासद ने उसे भारतीय होने का प्रमाण पत्र और आधार कार्ड फार्म को सत्यापित किया। ऐसे में सभासद को भी आरोपी बनाते हुए उनका नाम विवेचना में शामिल किया जाएगा। गुरुवार को मो. साहिल को जेल भेज दिया गया, जबकि उसके परिजनों के बयान दर्ज किए गए।

पड़ोसी ने किराए पर दिलवाया था ऑटो

एसीपी कोतवाली अभिषेक कुमार ने बताया कि मो. साहिल को उसके पड़ोसी बबलू ने चमनगंज के फहीमाबाद कॉलोनी निवासी इकबाल हुसैन से किराए पर ऑटो दिलाया था। इकबाल ट्रक चालक है। इसके बाद मो. साहिल शहर में ऑटो चला रहा था। उसने बैंक में खाता खुलवाने के लिए सभासद से संपर्क किया था। सभासद शहजाद ने उसे खाता खुलवाने का भी आश्वासन दिया था। इससे पहले ही वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

मैने ऐसा कोई प्रमाणपत्र नहीं बनाया है। न ही मेैं मो. साहिल व उसके परिवार को जानता पहचानता हूं। -शहजाद उर्फ शहजादे, सभासद (मनोहर नगर) कानपुर।