Headlines
Loading...
वाराणसी सिटी में त्यौहारो पर रूट हुए निर्धारित, राजघाट पुल से छोटे मालवाहक वाहनों को मिली आवाजाही में बड़ी राहत...

वाराणसी सिटी में त्यौहारो पर रूट हुए निर्धारित, राजघाट पुल से छोटे मालवाहक वाहनों को मिली आवाजाही में बड़ी राहत...


वाराणसी, ब्यूरो। राजघाट पुल से छोटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर बड़ी राहत मिली है। व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रखने के लिए अब रात से सुबह तक नो इंट्री का प्रतिबंध हटा लिया गया है। नया नियम विशेष रूप से विश्वेश्वरगंज के व्यापारियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है, जिसमें अब नो इंट्री केवल सुबह 8 से 11 और शाम 5 से 7 बजे तक प्रभावी रहेगी। 

एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि विश्वेश्वरगंज समेत आसपास के कारोबारियों के वाहन रात में नहीं आ पाने से उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा था। इसके लिए उन्होंने अपनी समस्याएं बताईं। इसके बाद पिकअप और इसके जैसे मालवाहकों को आने-जाने की अनुमति दे दी गई है। 

केवल सुबह के तीन घंटे और शाम को दो घंटे रोक रहेगी। चूंकि इस दौरान पुल पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है, इसलिए यह समय नियत किया गया है। साथ ही बताया कि काफी माल वाहन ऐसे हैं, जिनका फिटनेस समाप्त हो गया है। इसके लिए पुल के दोनों छोर पर पुलिस चेकिंग कर ऐसे मालवाहकों पर कार्रवाई करेगी। ओवरलोड वाहनों पर भी कार्रवाई होगी। 

व्यापार मंडल को मिले आदेश की कॉपी इस मुद्दे पर व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार सुबह पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से मिला था। सीपी ने उन्हें नो इंट्री नियम के बदलाव की जानकारी दी। इस पर व्यापारियों ने कहा कि पुल के दोनों छोर पर इस सूचना का बोर्ड लगाने के साथ आदेश की एक कॉपी व्यापार मंडल को सौंप दी जाए। 

साथ ही व्यापारियों ने गोलगड्डा अलईपुर से होकर शहर में छोटे मालवाहनों के आवागमन को प्रतिबंध मुक्त रखने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने किया। प्रतिनिधिमंडल में अलखनाथ गोस्वामी, रमाकांत जायसवाल, शरद केसरी, ओमकृष्ण दास अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, अजय शर्मा, दिलीप जायसवाल, उत्कर्ष सिंह, अनूप गुप्ता, जय किशन गुप्ता, मंगलेश जायसवाल आदि थे। 

वाराणसी सिटी में पद्मश्री चौराहे के पास से स्कूल बसें दयाल टावर की ओर नहीं मुड़ेंगी। ट्रैफिक पुलिस ने दुर्गाकुंड, रविदास गेट तिराहा, पद्मश्री चौराहा और दयाल टॉवर को वन-वे कर दिया है। 

इसके अलावा दुर्गाकुंड, रविदास गेट तिराहा, रवींद्रपुरी तिराहा होते हुए गुरुधाम चौराहा से दुर्गाकुंड को भी वन-वे किया गया है। 

लंका से होकर संकट मोचन एवं दुर्गाकुंड की ओर या फिर कबीर नगर की ओर जिन वाहनों को जाना है, वे अब पद्मश्री चौराहा, दयाल टॉवर या फिर रवींद्रपुरी तिराहा होते हुए गुरुधाम चौराहा से आ सकेंगे। हालांकि स्कूल बसों के लिए पद्मश्री चौराहा से दयाल टॉवर की ओर जाने पर रोक है। 

पद्मश्री चौराहे पर हाइटगेज बैरियर लगाया गया है। स्कूल बसें पद्मश्री चौराहा से आगे बढ़कर रवींद्रपुरी तिराहा जाएंगी, वहां से गुरुधाम चौराहा होते हुए दुर्गाकुंड, संकट मोचन या फिर कबीर नगर की ओर जा सकेंगी।