देशभर में मनाया गया दशहरा; रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए गए बारिश ने डाला खलल, इंद्र ने किया भगवान् राम का कार्य...
देशभर में दशहरे का पर्व गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। लोग रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन देखने के लिए अपने-अपने शहरों के रामलीला मैदान में उमड़ पड़े। कई जगहों पर बारिश होने की वजह से दशहरे का पर्व मनाने के लिए जुटे लोगों का मजा किरकिरा हो गया लेकिन फिर भी देश भर के तमाम शहरों में रावण के पुतले जलाए गए। रावण के अलावा मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों को भी आग के हवाले किया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लाल किले पर आयोजित दशहरा समारोह में भाग लिया
पीएम नरेंद्र मोदी को पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज में स्थित आईपी एक्सटेंशन रामलीला समिति द्वारा आयोजित दशहरा समारोह में भाग लेना था लेकिन बारिश के कारण वे इसमें शामिल नहीं हो सके। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बारिश के कारण पीतमपुरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का 'ऑपरेशन सिंदूर' आतंकवाद के रावण पर निर्णायक विजय का प्रतीक है। लाल किले के माधवदास पार्क में ''रावण दहन'' के अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से धनुष-बाण चलाते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार हमेशा से बुराई पर अच्छाई, अहंकार पर विनम्रता और घृणा पर प्रेम की विजय का प्रतीक रहा है।
भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग लाल किले पर रावण के पुतले का दहन देखने के लिए इकट्ठा हुए। राष्ट्रपति ने लोगों से आंतरिक बुराइयों पर विजय पाने का आग्रह करते हुए कहा, ''यह आयोजन केवल बाहरी रावण का नाश करने के लिए ही नहीं बल्कि हमारे भीतर के रावण का भी अंत करने के लिए है। तभी समाज शांति एवं सद्भाव के साथ आगे बढ़ सकता है।'' स्मृति ईरानी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं।
अल्लू अर्जुन, आलिया भट्ट और सोनाली बेंद्रे समेत कई फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर दशहरा की बधाई दी।
दशहरे के मौके पर दिल्ली सहित देश के तमाम राज्यों और शहरों में पुलिस अलर्ट मोड पर रही। दिल्ली की इंद्रप्रस्थ रामलीला समिति के अध्यक्ष सुरेश बिंदल ने बताया कि बारिश के कारण पुतले पूरी तरह भीग गए।
पीएम नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा, "विजया दशमी बुराई और असत्य पर अच्छाई और धर्म की विजय का उत्सव है। साहस, ज्ञान और भक्ति सदैव हमारा मार्गदर्शन करें। मैं अपने सभी देशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुजरात के सीमावर्ती शहर भुज के निकट एक सैन्य अड्डे पर सैनिकों के साथ दशहरा मनाया और शस्त्र पूजा की। अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि सीमापार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के मौके पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा की।
परेड ग्राउंड की रामलीला में पहुंचीं सोनिया गांधी
राजधानी दिल्ली मेंअलग-अलग जगहों पर रावण दहन का कार्यक्रम हो रहा है। इसमें पीएम मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत तमाम राजनीतिक दिग्गज शामिल हुए हैं। लाल किले के परेड ग्राउंड में आयोजित नव श्री धार्मिक रामलीला कमेटी में 50 फीट का रावण और 45-45 फीट के मेघनाथ कुंभकरण का पुतला लगाया गया है। इस रामलीला में सोनिया गांधी रावण दहन करने पहुंचीं।
इन शहरों में भी रावण दहन हुआ
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दशहरा के अवसर पर रावण का पुतला जलाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। सीएम सुक्खू ने कहा कि दशहरा का त्यौहार पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का त्यौहार है। हम सभी को सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए।
पंजाब के लुधियाना में भी दशहरा के अवसर पर रावण का पुतला दहन किया गया।
वहीं उत्तर प्रदेश के अलग शहरों में वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, जौनपुर में भी दशहरा के अवसर पर रावण का पुतला दहन किया गया।
जम्मू-कश्मीर में जला रावण का पुतला
जम्मू-कश्मीर में भी दशहरा के अवसर पर रावण का पुतला जलाया गया। उधमपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में विजयादशमी का त्यौहार बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। हजारों लोगों ने इस उत्सव में भाग लिया, जहां बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित दशहरा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान रावण दहन किया गया।
इसके अलावा और भी शहरों में कर्नाटक के मैसूर, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब सहित दक्षिण के तमाम राज्यों में भी लोगों ने धूमधाम से दशहरे का त्योहार मनाया।