Headlines
Loading...
हर वर्ष दीपावली पर बढ़ती जा रहीं आग लगने की घटनाएं, पुलिस हेल्पलाइन पर आई कॉल्स की संख्या ने उठाए कई सवाल?...

हर वर्ष दीपावली पर बढ़ती जा रहीं आग लगने की घटनाएं, पुलिस हेल्पलाइन पर आई कॉल्स की संख्या ने उठाए कई सवाल?...

नई दिल्ली। दिल्ली में दीपावली के अवसर पर आग लगने की घटनाएं अधिक सामने आती हैं। इस बार तो सुप्रीम कोर्ट से मिली छूट के बाद जमकर आतिशबाजी की गई। ऐसे में पटाखा जलाने से आग लगने की घटनाएं भी अधिक सामने आईं। दमकल विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दीपावली पर दिल्ली में आग लगने की कुल 399 काॅल्स मिलीं, जो कि बीते वर्ष 318 दर्ज की गई थीं।

गनीमत रही कि इस बार होने वाली घटनाओं में आग लगने से कोई हताहत नहीं हुआ। अलग-अलग जगह लगी आग के दौरान दमकल कर्मियों ने एक मासूम समेत कुल नौ लोगों को सुरक्षित बचाया है। अलबत्ता जनकपुरी में आग पर काबू पाने के दौरान कीर्ति नगर दमकल केंद्र के दो जवान गौरव और नरेश मामूली रूप से झुलस गए।

दमकल विभाग के डिप्टी फायर चीफ एके मलिक के मुताबिक, दमकल विभाग ने दीपावली से पहले ही अपनी तैयारियां पूरी कर ली थीं और त्योहार के अवसर पर सभी दमकलकर्मियों की छुट्टियां भी रद कर दी गई थीं। इसके साथ ही सभी वाहनों को भी पहले ही मुस्तैद कर दिया गया था। इस दौरान जनकपुरी, रूपनगर, संजय गांधी ट्रासपोर्ट नगर समेत कुछ एक जगहों पर बड़ी आग लगी। इन सब पर समय रहते काबू पा लिया गया। किसी भी जगह कोई हताहत नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि छोटी दीपावली के दिन रविवार रात 12 बजे से मंगलवार सुबह छह बजे (30 घंटे के दौरान) के बीच आग लगने की 399 काॅल्स मिलीं। दीपावली के दिन सोमवार शाम छह बजे से मंगलवार सुबह छह (12 घंटे के दौरान) के बीच आग लगने की 283 काल्स मिली थीं।
यानी हर घंटे आग लगने की लगभग 24 काॅल मिलीं।

दीपावली वाली रात 12 बजे से सुबह छह बजे (छह घंटे के दौरान) की बात करें तो 130 काल यानी हर घंटे 22 काल मिलीं। हर काल पर समय रहते रिस्पोंस किया गया। ऐसे में आग लगने की कोई बड़ी घटना नहीं हुईं। दिल्ली फायर सर्विस ने लोगों से पटाखे और दीए जलाते समय सावधानी बरतने के लिए कहा है।

दमकल विभाग को मिली काॅल्स

समय कॉल्स
19 अक्तूबर रात 12 बजे से 20 अक्टूबर रात 12 बजे 175
20 अक्तूबर रात 12 बजे से 21 अक्टूबर रात 12 बजे 269
21 अक्तूबर रात 12 बजे से 21 अक्तूबर सुबह 6 बजे 130
20 अक्तूबर रात 12 बजे से 21 अक्टूबर सुबह 6 बजे 399
20 अक्तूबर शाम 6 बजे से 21 अक्टूबर सुबह 6 बजे 283

बीते वर्षों में दीपावली पर आग लगने की काॅल्स

वर्ष कॉल्स
2024 318
2023 208
2022 201
2021 152
2020 205
2019 245
2018 271

आग लगने की कुछ बड़ी घटनाएं...

* नई के स्कूल लेन, बंगाली मार्केट में सोमवार देर रात आग लगी तो वहां एक महिला व उसका बच्चा फंस गए। दमकल कर्मियों ने दोनों को सुरक्षति बताया।
* उत्तम नगर इलाके में मेट्रो स्टेशन के नजदीक सोमवार रात 11.47 बजे डब्ल्यूजेड-64 में एक मकान में आग लग गई। आग घरेलू सामान में लगी थी। आग पर काबू पाने के दौरान दो दमकलकर्मी गौरव नरेश मामूली रूप से झुलस गए।
* उत्तम नगर के मोहन गार्डन में एक मकान की पहली और दूसरी मंजिल पर आग लग गई। दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने यहां से करीब सात लोगों को आग से सुरक्षित बचाया।
* माॅडल टाउन-1 इलाके में सोमवार रात 11.57 बजे टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। यहां दमकल की 10 गाड़ियों को भेजा गया। इनमें एक बलेनो कार भी जल गई।
* संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। एक-एक कर करीब 30 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। यहां कई गाड़ियां आग में जल गईं। मंगलवार दोपहर बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।