Headlines
Loading...
मैनपुरी में जैन समाज ने मनाया भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक: श्रद्धालुओं ने किया निर्वाण कांड का पाठ, दीपमालिका से फैलाई...

मैनपुरी में जैन समाज ने मनाया भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक: श्रद्धालुओं ने किया निर्वाण कांड का पाठ, दीपमालिका से फैलाई...

लखनऊ राज्य ब्यूरो। मैंनपुरी जिले में जैन समाज ने कार्तिक कृष्ण अमावस्या के अवसर पर भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक और गौतम स्वामी का केवल ज्ञान महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया। सुबह से ही जैन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

दिन की शुरुआत जिनेंद्र अभिषेक और पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद निर्वाण कांड का पाठ किया गया और भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान मंदिरों में विशेष निर्वाण लड्डू अर्पित किए गए।

जैन मंदिरों को आकर्षक लाइटों और रंगोली से सजाया गया था। महिला और पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में मंदिर पहुंचे और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।

जैन समाज के संरक्षक गिरीश जैन ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी को कार्तिक कृष्ण अमावस्या की सुबह पावापुरी (बिहार) में मोक्ष प्राप्त हुआ था। उसी दिन शाम को उनके गणधर गौतम स्वामी को केवल ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। इसी कारण दीपावली का पर्व जैन समाज ज्ञान और प्रकाश के प्रतीक रूप में मनाता है।

ज्ञायक जैन ने बताया कि यह दिन जैन धर्म के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सुबह पूजा-पाठ और शाम को दीपमालिका के माध्यम से धर्म, ज्ञान और प्रकाश का संदेश फैलाया जाता है।

इस अवसर पर कुरावली के श्री शांतिनाथ, श्री आदिनाथ और श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिरों के साथ करहल, सिंघियान, गोदाम, घिरोर और भोगांव के जैन मंदिरों में भी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

जिलेभर में श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक और गौतम स्वामी के केवल ज्ञान महोत्सव को भक्ति, आस्था और परंपरा के साथ मनाया।