मैनपुरी में 25 करोड़ की जीएसटी चोरी: दिल्ली के दो शातिर गिरफ्तार, बोगस फर्मों का किया था इस्तेमाल.. सभी आरोपित भेजे गए जेल...
मैनपुरी। बोगस फर्म के जरिए करीब 25 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले दिल्ली के दो शातिर गिरफ्तार कर लिए गए हैं। साइबर सेल टीम के साथ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई कर चार मोबाइल और एक लैपटाप बरामद किया है। एसपी ने मामले का राजफाश किया है। पकड़े गए आरोपितों को न्यायालय पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल टीम के साथ की कार्रवाई
शुक्रवार को पुलिस लाइन के सभागार में एसपी गणेश प्रसाद साहा ने मामले का राजफाश किया है। उन्होंने बताया कि करीब दो माह पूर्व कोतवाली सदर में दो बोगस फर्मों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की टीम के साथ की। जब टीम ने गहनता से जांच की तो दिल्ली के दो संदिग्धों द्वारा बोगस फर्म का जीएसटी पंजीकरण कराने के बाद ठगी करने की बात सामने आई।
जिस पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट सरयू कुमार, महीपाल सिंह, जोगेंद्र चौधरी, मनोज कुमार, विपिन कुमार के साथ शुक्रवार को चंदन मिश्रा निवासी गली नंबर 14 भट्टा रोड और संजीत सिंह निवासी गली नंबर नौ स्वरूप नगर नई दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने किया मामले का राजफाश, आरोपित भेजे गए जेल
पूछताछ में आरोपितों ने बोगस फर्म के पंजीकरण और करोड़ों की जीएसटी चोरी करने की बात स्वीकार की। दोनों ने बताया कि वह नौकरी के नाम पर भोले-भाले गरीब लोगों के आधार, पैन कार्ड लेकर उनसे बैंक खाते की डिटेल लेने के बाद जीएसटी फर्म खोलते हैं, फर्जी जीएसटी बिल और ई वे बिल काटते थे।
एसपी ने बताया कि आरोपित चंदन फर्मों की अकाउंटिंग जीएसटी का काम देखता और संजीत जीएसटी की फर्म खोलने के लिए स्थानों की व्यवस्था करता था। फर्जी तरीके से अर्जित की गई धनराशि को आरोपित अपने निजी प्रयोग करते थे। कार्रवाई के दौरान आरोपितों के पास से चार मोबाइल, एक लैपटॉप और 12 जीएसटी फर्मों के प्रपत्र बरामद हुए हैं।
आरोपित अब तक बना चुके 150 फर्मों का फर्जी जीएसटी और ई वे बिल
एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित चंदन मिश्रा के खिलाफ कोतवाली मैनपुरी के अलावा ललितपुर में भी धोखाधड़ी कर ठगी करने का मामला दर्ज है। चंदन और संजीत गैंग बनाकर अब तक प्रदेश और देश के अलग-अलग स्थानों से 150 फर्मों को फर्जी जीएसटी और ई वे बिल बनाने में प्रयोग कर चुके हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपितों के पास से 12 जीएसटी फर्मों से संबंधित प्रपत्र मिले हैं।
कोतवाली में करीब 25 करोड़ की जीएसटी चोरी के दर्ज दो मामलों में आरोपितों की संलिप्तता है। अब इनकी गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी की जा रही है। कार्रवाई में एएसपी ग्रामीण राहुल मिठास, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया शामिल रहे हैं।