यूपी : कांग्रेस की मिशन-27 की तैयारी, प्रियंका गांधी के जन्मदिन 12 जनवरी पर कर सकती है बड़े ऐलान...
लखनऊ राज्य ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। कांग्रेस ने इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। 12 जनवरी को प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन है। इस दिन कांग्रेस यूपी में अगले 100 दिनों की अपनी रणनीति का ऐलान कर सकती है। इसके लिए प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों में कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।
यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पाण्डे ने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के मौके पर आगामी 100 दिनों की कार्ययोजना की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए अयोध्या, झांसी, बरेली, चित्रकूट, गोरखपुर, अलीगढ़, आजमगढ़, आगरा, मेरठ, सहारनपुर, प्रयागराज, बस्ती, कानपुर, मिर्जापुर, गोंडा, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी, गाजियाबाद और मथुरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
हालांकि, सूत्रों का दावा है कि प्रियंका गांधी अपने जन्मदिन से पहले ही विदेश यात्रा पर रवाना हो चुकी हैं और इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी नहीं होगी। इसके बावजूद पार्टी स्तर पर उनके नाम और राजनीतिक छवि के इर्द-गिर्द पूरी कवायद को आकार दिया जा रहा है, जिससे सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या कांग्रेस उन्हें यूपी में एक बार फिर केंद्रीय चेहरे के तौर पर प्रोजेक्ट करने की दिशा में सोच रही है।
बता दें कि प्रियंका गांधी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर उत्तर प्रदेश की प्रभारी रह चुकी हैं और राज्य की राजनीति में उनकी भूमिका हमेशा अहम मानी गई है। बीते 2 सालों से संगठन में उनके पास कोई औपचारिक जिम्मेदारी नहीं थी, लेकिन हाल ही में वायनाड से सांसद बनने के बाद उन्हें असम विधानसभा चुनाव के लिए गठित स्क्रीनिंग कमिटी का अध्यक्ष बनाया गया है।
इस नई जिम्मेदारी के साथ ही प्रियंका गांधी की संगठनात्मक सक्रियता फिर से बढ़ती दिख रही है। ऐसे में उनके जन्मदिन के मौके पर यूपी कांग्रेस द्वारा 100 दिनों का एजेंडा पेश करना महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर चल रही बड़ी राजनीतिक रणनीति का संकेत माना जा रहा है।