यूपी की ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 2.89 करोड़ लोगों के कटे नाम, लखनऊ में है सबसे ज्यादा, आज हुई प्रेस वार्ता में यूपी CEC ने कहा...
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रकिया के तहत चुनाव आयोग ने मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। इसे चुनाव आयोग की वेबसाइट पर पब्लिश कर दिया गया है। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश की वोटर लिस्ट से 2.89 करोड़ नाम कटेंगे। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 रखी गई है।
लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कई महत्वपूर्ण बातें बताईं-
* एसआईआर के बाद 2 करोड़ 89 लाख वोटरों के नाम कट गए हैं। अब वोटर लिस्ट में 12 करोड़ 55 लाख मतदाता हैं। रिवीजन के बाद 46 लाख वोटर मृत पाए गए हैं।
* दूसरी जगह पर शिफ्ट होने वाले 2.17 करोड़ लोगों के नाम काट दिए गए हैं। इसी तरह 25.47 लाख लोगों के नाम एक से ज्यादा स्थान पर दर्ज पाए गए।
* 15 करोड़ के ऊपर वोटर ऐसे थे जिन्होंने खुद या परिवार के किसी सदस्य ने हस्ताक्षर कर फॉर्म भरे, वह थे। पुरानी मतदाता सूची के लगभग 81 प्रतिशत लोगों ने साइन कर फॉर्म वापस किया। 18 प्रतिशत लोगों ने फॉर्म वापस नहीं लौटाया।
* 6 जनवरी से 6 फरवरी त दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च 2026 को किया जाएगा।
* सबसे ज्यादा लखनऊ में 12 लाख मतदाताओं के नाम कटेंगे।
* प्रयागराज में 11.56 लाख और कानपुर नगर में 9 लाख वोटरों के नाम कटेंगे।
* आगरा में 8.36 लाख, गाजियाबाद में 8.18 लाख और बरेली में 7.14 लाख लोगों के नाम कटेंगे।
* इसी तरह गोरखपुर में 6.45 लाख, सीतापुर में 6.23 लाख और जौनपुर में 5.89 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं।
अगर आपका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल है, लेकिन नाम या कोई अन्य जानकारी गलत है, तो 6 फरवरी तक अपने बीएलओ ऑफिस में आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://www.eci.gov.in/ पर जाएं। इसके बाद Search Your Name in E-Roll पर क्लिक करें। यहां आप अपना EPIC Number और राज्य का नाम डालकर अपना नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में चेक कर सकते हैं।
रिपोर्ट :: टी. के. केसरवानी