Headlines
Loading...
झांसी में महिला ऑटो ड्राइवर की सनसनीखेज हत्या का खुलासा, देर रात पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में धर-दबोचा...

झांसी में महिला ऑटो ड्राइवर की सनसनीखेज हत्या का खुलासा, देर रात पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में धर-दबोचा...

झांसी हत्या का खुलासा:: यूपी के झांसी में पहली महिला ऑटो चालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुख्य आरोपी को पुलिस ने आधी रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पैर में गोली लगी है और उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने प्यार में मिले धोखे का बदला लेने के लिए महिला की हत्या की थी। उसने वारदात के लिए शादी की सालगिरह की रात को चुना।

क्या है पूरा मामला?

4/5 जनवरी की रात को झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के सकुंवा ढुकवां कॉलोनी के पास पहली महिला ऑटो ड्राइवर अनीता चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अनीता झांसी की पहली महिला ऑटो चालक थीं. उनका शव खून से लथपथ सड़क पर पड़ा मिला था और पास में उनका पलटा हुआ ऑटो भी था. पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर मुकेश झॉ, शिवम झॉ और मनोज झॉ के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी।

इस मामले की जांच में शिवम और मनोज को पुलिस ने पहले ही हिरासत में ले लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी मुकेश झा फरार था. अगले दिन उसकी इग्निस कार बरुआसागर थाना क्षेत्र में बेतवा नदी के नोटघाट पुल पर खड़ी मिली, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला, पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।

कैसे हुआ एनकाउंटर?

पुलिस को सफलता आज मिली जब भगवंतपुरा मार्ग से करगुवां जाने वाले कच्चे रास्ते पर मुकेश झा का सामना पुलिस से हो गया. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की तो उसने अचानक से फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी. घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस का खुलासा: प्यार और धोखे की कहानी

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मुकेश झा और अनीता चौधरी के बीच करीब 6-7 साल पहले प्रेम संबंध थे. दोनों ने मंदिर में शादी भी की थी. शादी के बाद अनीता ने उसे छोड़ दिया. इसी धोखे का बदला लेने के लिए मुकेश ने उनकी शादी की सालगिरह की रात को ही हत्या की योजना बनाई. जब अनीता ऑटो लेकर लौट रही थी, तभी उसने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।