Headlines
Loading...
कम उम्र में कंधों पर था पूरे घर का बोझ, इटावा में आज बुझ गए दो घरों के इकलौते चिराग...

कम उम्र में कंधों पर था पूरे घर का बोझ, इटावा में आज बुझ गए दो घरों के इकलौते चिराग...

इटावा। ग्राम रूपपुरा में शुक्रवार को हर गली खामोश नजर आई। जिन घरों में कल तक युवाओं की हंसी, भविष्य की योजनाएं और बहनों की शादी के सपने गूंजते थे, वहां आज सिर्फ चीख-पुकार और सिसकियां रह गई हैं।फिरोजाबाद जिले में नौकरी के दौरान दम घुटने से हुई मौत ने दो परिवारों के इकलौते बेटों को छीन लिया। 

हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 25 वर्षीय मोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। तीन बहनों की पढ़ाई और उनके भविष्य की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।

पिता राजेंद्र सिंह प्राइवेट नौकरी कर किसी तरह परिवार का खर्च चला रहे थे, ऐसे में बेटे से ही घर को सहारा मिलने की उम्मीद थी। दो दिन पहले ही मोहित ड्यूटी पर जाते समय मां से कहकर गया था कि जल्दी लौटेगा और बहनों के लिए कुछ लेकर आएगा। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी विदाई होगी।

वहीं 20 वर्षीय सागर की कहानी भी कम पीड़ादायक नहीं है। पांच बहनों में इकलौता भाई सागर ही परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद था। पिता पुत्र जनडैल सिंह गिट्टी-मौरंग की दुकान पर काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।

बहनों की शादी-ब्याह और घर की जिम्मेदारियों को सागर ने कम उम्र में ही समझ लिया था। गांव के लोग बताते हैं कि वह अक्सर कहा करता था कि पहले बहनों की शादी कराएगा, उसके बाद अपने भविष्य के बारे में सोचेगा। आज उसकी यही सोच परिवार के लिए सबसे बड़ा दुख बन गई है।

फिरोजाबाद जनपद के थाना नारखी क्षेत्र स्थित नगला सोंठ के एक पेट्रोल पंप पर बृहस्पतिवार रात मैनेजर मोहित और सेल्समैन सागर पंप परिसर में बने एक ही कमरे में सोए हुए थे। ठंड अधिक होने के कारण कमरे में रखा छोटा जनरेटर चालू कर लिया।

शुक्रवार सुबह करीब सात बजे तक जब दोनों कर्मचारी कमरे से बाहर नहीं निकले तो साथियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और खिड़की से पानी डालने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे अनहोनी की आशंका हुई।

इसकी सूचना पंप मालिक कुलदीप को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो दोनों युवक कमरे के अंदर अचेत अवस्था में पड़े मिले। कमरे में जनरेटर रखा हुआ था।

पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में जनरेटर से निकले धुएं के कारण दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है।