IND U19 vs ZIM U19: विहान, वैभव और कुंडू के बल्ले के बाद गेंदबाजों ने किया कमाल, भारत ने जिम्बाब्वे को 204 रनों से दी मात..
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विहान मल्होत्रा के शतक, वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों के संयुक्त प्रदर्शन के दम पर भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 के सुपर-6 के अपने पहले मैच में जिम्बाब्वे को 204 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट खोकर 352 रन बनाए। जिम्बाब्वे की टीम 37.4 ओवरों में 148 रन ही बना सकी।
विहान ने 107 गेंदों पर सात चौकों की मदद से नाबाद 109 रनों की पारी खेली। कुंडू ने 62 गेंदों पर 61 रन बनाए और अपनी पारी में पांच चौके, एक छक्का लगाने में सफल रहे। वैभव सूर्यवंशी ने 30 गेंदों पर चार चौके और चार छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। जिम्बाब्वे की तरफ से सबसे ज्यादा 62 रन लीरॉय चीवाउला ने बनाए।
लड़ख़ड़ा गई जिम्बाब्वे
353 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरू से ही लड़खड़ा गई। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आरएस अंबरिश ने नाथानेल हलाबैनगाना को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। चौथे ओवर की पहली गेंद पर हेनिल पटेल ने ध्रुव पटेल को पवेलियन की राह दिखाई। वह आठ रन ही बना सके। अंबरिश ने ब्रेंडन सेनजेरे को आउट कर जिम्बाब्वे को तीसरा झटका दिया।
कियान ब्लिगनॉट और लीरॉय ने टीम को संभालने की कोशिश की और चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की। 93 के कुल स्कोर पर खिलान पटेल ने कियान को आउट कर ये साझेदारी तोड़ दी। लीरॉय को फिर टटेंडा चीमोगोरो को साथ मिला। उदय मोहन ने लीरॉय की पारी का अंत कर दिया। अगले ओवर में म्हात्रे ने माइकल को आउट किया।
म्हात्रे ने फिर 37वें ओवर में कप्तान सिम्बारशे मुडजेनगेरे (3) और टटेंडा को आउट कर जिम्बाब्वे की हार पक्की कर दी। टटेंडा 29 रन बनाने में सफल रहे। मोहन ने फिर 38वें ओवर में टाकुडज्वा मकोनी और वेबस्टर माधिधी को आउट कर भारत को जीत दिलाई।
भारत की शानदार शुरुआत
भारतीय टीम को एरॉन जॉर्ज और वैभव ने शानदार शुरुआत दी। वैभव अपने अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। पांचवें ओवर की पहली गेंद पर मजाई ने एरॉन को आउट कर दिया। वह 16 गेंदो पर 23 रन ही बना पाए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और एक छक्का मारा। कप्तान म्हात्रे 100 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। उन्होंने 21 रन बनाए। उनके जाने के एक रन बाद ही वैभव भी पवेलियन लौट लिए। वेदांत त्रिवेदी भी 15 रन बनाकर आउट हो गए। यहां भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 130 रन हो गया था।
फिर विहान और कुंडू ने 113 रनों की साझेदारी कर भारत को संभाला। कुंडू 243 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। कनिष्क चौहान भी तीन रन बनाकर आउट हो गए। विहान एक छोर से रन बना रहे थे। उन्हें अंबरिश का साथ मिला जिन्होंने 28 गेंदों पर 21 रन बनाए। अंबरिश का विकेट 303 के कुल स्कोर पर 47वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा।
अंत में खिलान ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। विहान ने 49वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका मार अपना शतक पूरा किया। वह नाबाद रहे। खिलान आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 12 गेंदों पर 30 रन बनाए।