आज की ताजा खबर LIVE: पीएम मोदी, अमित शाह के कार्यक्रम सहित कई खबरें....मुंबई में इस साल तीन नई मेट्रो लाइनें होंगी शुरू...
आज की प्रमुख खबरें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित किया जाएगा।
4 से 11 जनवरी तक आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में देशभर से विभिन्न राज्यों और संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाली 58 टीमों के 1,000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वो यहां पोंगल त्योहार और दूसरे कार्यक्रमों शामिल होंगे। साथ ही राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए वे बीजेपी पदाधिकारियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
दिल्ली में आने वाले दिनों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिसके मद्देनजर मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने कहा है कि 4 जनवरी से 7 जनवरी के बीच शहर के कुछ इलाकों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है।
वहीं रविवार से 6 जनवरी तक AQI के बहुत खराब श्रेणी में बने रहने की आशंका है।