Headlines
Loading...
T20 World Cup 2026: अब मार्क बुचर की बांग्लादेश और पाकिस्तान को दो टूक, ICC के फैसले को बताया सही, कहा...

T20 World Cup 2026: अब मार्क बुचर की बांग्लादेश और पाकिस्तान को दो टूक, ICC के फैसले को बताया सही, कहा...

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी कि ICC ने जब से बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया है तब से क्रिकेट जगत में बवाल मचा हुआ है। कोई इस फैसले के समर्थन में है तो कोई इस फैसले को गलता बता रहा है। पाकिस्तान तो खुलकर बांग्लादेश के समर्थन में और आईसीसी का विरोध कर चुका है। इन सबके बीच इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी मार्क बुचर ने बांग्लादेश और पाकिस्तान को दो टूक कहा कि इस तरह के फैसले आने वाले सभी ICC टूर्नामेंट के लिए एक मिसाल बनेंगे। इस तरह के फैसलों से खेल की साख बनी रहेगी।

मार्क बुचर ने क्या कहा?

इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेटर मार्क बुचर ने विजडन पॉडकास्ट पर कहा, "उस समय ICC के पास एक विकल्प था कि उन्हें असल में क्या करना चाहिए और काउंसिल ने वहीं किया जो सही था। मुझे लगता है कि यह एक मिसाल है और भविष्य में ICC के और टूर्नामेंट में फॉलो की जा सकती है। जब किसी टीम को - चाहे वह उनकी सरकार के ज़रिए हो या उनकी अपनी तरफ से - किसी टूर्नामेंट के लिए किसी देश में जाने को लेकर सिक्योरिटी की चिंता हो या कोई और चिंता हो तो उन्हें बाहर ही कर देना चाहिए और उसकी जगह अगली टीम को क्वालीफाई करना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए।”

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खेलने को लेकर बुचर ने क्या कहा?

बुचर ने इस दौरान भारत के चैंपियंस ट्रॉफी खेलने को लेकर पाकिस्तान जाने से मना करने वाले मामले को लेकर भी अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि जब भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार किया था तो उस वक्त उसके मैच दुबई में आयोजित कराए गए थे, यहां तक कि फाइनल की मेजबानी भी पाकिस्तान से शिफ्ट कर दुबई कर दी गई थी। क्रिकेट के इतिहास में ऐसे बदलाव देखे जाते रहे हैं और टीम को टूर्नामेंट से निकालना और दूसरी टीमों को मौका दिया जाना भी पहले हो चुका है, लेकिन हाल के दिनों में जिस तरह से चीजें हुई हैं ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।

बांग्लादेश ने क्यों भारत में खेलने से किया इनकार?

बुचर ने साफ-साफ कहा है कि अगर कोई टीम सुरक्षा या किसी अन्य वजह से आखिरी समय पर टूर्नामेंट खेलने से इनकार करती है, तो उसे बाहर का ही रास्ता दिखाया जाना चाहिए और उसकी जगह किसी और टीम को मौका देना चाहिए। बता दें कि बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर आपत्ति तब जताई थी जब भारत ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर कर दिया था।

आईसीसी ने पाकिस्तान को लगाई फटकार

बांग्लादेश चाहता था कि उसके मैच दुबई में कराए जाए, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से करीब 15 दिन पहले जताई गई इस आपत्ति को ICC ने खारिज कर दिया और बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। बांग्लादेश को बाहर कर आईसीसी ने स्कॉटलैंड को मौका दे दिया। बांग्लादेश पर हुए इस एक्शन के बाद पाकिस्तान ने भी बायकॉट की गीदड़भभकी दी, लेकिन आईसीसी की फटकार के बाद पाकिस्तान लाइन पर आ गया।