भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा अंडर 19 वर्ल्ड कप का फाइनल, शुक्रवार भिड़ेंगी दोनों टीमें, आंकड़ों में कौन किसपर भारी.. जानें...
U19 World Cup: अफगानिस्तान को रौंद रिकॉर्ड 10वीं बार फाइनल में भारत, एरॉन जॉर्ज का शतक, वैभव-आयुष ने मचाया गर्दा। अंडर 19 वर्ल्ड कप का फाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार को खेला जाएगा। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर रिकॉर्ड दसवीं बार फाइनल में प्रवेश किया। इसके ठीक उलट ऑस्ट्रेलिया की टीम छह बार फाइनल में पहुंची है।
भारत ने लगातार छठी बार खिताबी मुकाबले में एंट्री मारी है। टीम इंडिया ने अपने सभी मुकाबले जीतकर फाइनल का टिकट कटाया है, वहीं इंग्लैंड ने भी अपने सभी मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच फाइनल छह फरवरी को हरारे में भारतीय समय के मुताबिक दोपहर एक बजे से खेला जाएगा।
भारत और इंग्लैंड की टीमों ने अंडर 19 में 55 यूथ वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान भारत को 41 मुकाबलों में जीत मिली है जबकि 13 में उसे हार का सामना करना पड़ाएक मुकाबला बेनतीजा रहा। इंग्लैंड को 13 मैचों में जीत मिली है। फाइनल में पहुंचने के बाद भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने कहा कि फाइनल में पहुंचने का अहसास काफी अच्छा है। हमारे लिए वर्ल्ड कप फाइनल खेलना काफी अच्छा है। घर पर जो फैंस हैं उनसे मैं सिर्फ ये कहना चाहता हूं कि बस हमें सपोर्ट करते रहें। आप हमें बहुत अच्छा सपोर्ट कर रहे हैं। हम फाइनल मैच में अपना सौ फीसदी देंगे और जीतने की पूरी कोशिश करेंगे, हम फाइनल मैच को सिर्फ एक गेम की तरह रखेंगे।
भारत और इंग्लैंड अंडर 19 के बीच यूथ वनडे में 55 मैच खेले जा चुके हैं.
भारत ने आरोन जॉर्ज (115 रन) के शानदार शतक के साथ आईपीएल स्टार वैभव सूर्यवंशी (68 रन) और आयुष म्हात्रे (62 रन) की धमाकेदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया. अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए फैसल शिनोजादा (110) और उजैरुल्लाह नियाजई (101) के शतकों की मदद से 310 रन बनाए. लेकिन भारत ने यह लक्ष्य 41.1 ओवर में ही हासिल कर लिया. इस तरह अंडर-19 विश्व कप में भारत ने अब तक के सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया. आरोन (104 गेंद, 15 चौके, दो छक्के) ने बेहतरीन शॉट्स की मदद से शतक जड़ा.उन्हें सूर्यवंशी (33 गेंद, नौ चौके, चार छक्के) और म्हात्रे (59 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) का पूरा साथ मिला जिससे भारत का रन-रेट पूरे समय सात से ऊपर ही रहा।
इंग्लैंड ने क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए सेमीफाइनल-1 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 27 रन से जीत दर्ज की. क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 277 रन बनाए. इस टीम ने महज 3 के स्कोर पर बेन डॉकिन्स (1) का विकेट खो दिया था. इसके बाद बेन मेयस ने जोसेफ मूर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की. जोसेफ 33 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मेयस ने 33 गेंदों में 24 रन की पारी खेली. यह टीम 60 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो चुकी थी. यहां से कैलेब फाल्कनर ने कप्तान थॉमस रेव के साथ चौथे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
कप्तान थॉमस ने 107 गेंदों में 110 रन बनाए. उनकी इस पारी में 1 छक्का और 14 चौके शामिल रहे, जबकि फाल्कनर ने 4 चौकों के साथ 40 रन की पारी खेली. जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 47.3 ओवरों में महज 250 रन पर सिमट गई. कप्तान ओलिवर ने 88 गेंदों में 1 छक्के और 10 चौकों के साथ 100 रन की पारी खेली, जबकि नितेश ने 47 रन बनाए।