बड़ी खबर :: देर रात मथुरा में भीषण सड़क दुर्घटना, नहर में गिरी तेज रफ्तार कार, 2 लॉ स्टूडेंट समेत 4 युवकों की हुई दर्दनाक मौत...
बड़ी खबर :: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार देर रात एक दिलदहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार युवक अपनी जान गंवा बैठे। तेज गति से चल रही कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई, जिससे सवार सभी युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
मगोर्रा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में रात के अंधेरे ने बचाव कार्य को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद क्रेन की मदद से कार बाहर निकाली गई, लेकिन तब तक चारों युवकों की जान जा चुकी थी. मृतकों में दो युवक विधि के छात्र थे, जबकि वे एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
कैसे हुआ हादसा?
वहां मौजूद लोगों के अनुसार, महावन से गोवर्धन होते हुए बाईपास मार्ग से डीग की ओर जा रही फ्रांक्स कार (UP85 CV 9856) अचानक मोड़ पर आ गई. चालक आगे का रास्ता ठीक से नहीं देख पाया और तेज रफ्तार के कारण वाहन पर काबू खो बैठा. कार सीधे सड़क किनारे स्थित नहर में जा गिरी. गिरते समय तेज 'छपाक' की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को हादसे का अंदेशा हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन की चुनौतियां
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मगोर्रा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. रात का घना अंधेरा और नहर का गहरा पानी बचाव अभियान में बड़ी बाधा बना. फायर ब्रिगेड कर्मियों और पुलिस ने संयुक्त रूप से क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला. कार बाहर आने तक चारों युवक मृत हो चुके थे।
मृतकों की पहचान और परिवार की स्थिति
मृतकों की पहचान राहुल (23 वर्ष), अमित (22 वर्ष), मोहित और एक अन्य युवक के रूप में हुई है. अमित और मोहित लॉ की पढ़ाई कर रहे थे, जबकि राहुल सिलाई का काम करते थे. बताया जा रहा है कि कार राहुल वर्मा के एडवोकेट भाई सज्जन सिंह की थी. चारों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस जांच और प्रारंभिक कारण
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और रात का अंधेरा प्रतीत हो रहा है. हालांकि अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय चालक की स्थिति क्या थी और वाहन की गति कितनी थी।
स्थानीय लोगों की मांग और सुरक्षा की जरूरत
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां मोड़ काफी खतरनाक है और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से उस स्थान पर पर्याप्त रोशनी और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।