Headlines
Loading...
टी20 वर्ल्ड कप से आज भी बाहर हो जाएगी एक और टीम, श्रीलंका के बाद किसका टूटेगा खिताब का सपना?...

टी20 वर्ल्ड कप से आज भी बाहर हो जाएगी एक और टीम, श्रीलंका के बाद किसका टूटेगा खिताब का सपना?...

नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच चरम पर पहुंच चुका है. जैसे-जैसे सुपर-8 के मुकाबले खेले जा रहे हैं, सेमीफाइनल की रेस भी रोमांचक होती जा रही है. इंग्लैंड ने टॉप-4 में जगह पक्की कर ली है.वहीं, बीती रात ग्रुप-2 के सुपर-8 मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हरा दिया. इस हार के साथ ही सह मेजबान टीम श्रीलंका का खिताब जीतने का सपना भी टूट गया. श्रीलंका की यह लगातार दूसरे सुपर-8 में हार थी, जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की सारी संभावनाएं खत्म हो गईं. अब नॉकआउट मुकाबलों के लिए 6 टीमों के बीच जंग है. श्रीलंका के बाद आज एक और टीम का टूर्नामेंट से सफर खत्म हो जाएगा. चलिए बताते हैं कौन वो टीम है, जो आधिकारिक तौर पर खिताब जीतने की दौड़ से बाहर हो जाएगी।

आज मैदान में उतरेंगी चार टीमें

आज सुपर-8 के दो मुकाबले खेले जाने हैं. ये दोनों ही मैच ग्रुप-1 में होंगे. यानी ग्रुप-1 की सभी टीमें आज एक्शन में होंगी. दिन का मुकाबला वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा, जबकि शाम के मुकाबले में भारत और जिम्बाब्वे की टक्कर है. वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोपहर तीन बजे से आमने-सामने होंगी. वहीं, भारत और जिम्बाब्वे का मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. चारों ही टीमों के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जीत जरूरी है।

 टी20 वर्ल्ड कप से एक और टीम हो जाएगी बाहर.

ऐसी है ग्रुप-1 की अंकतालिका

ग्रुप-1 की अंकतालिका पर नजर डालें तो चारों टीमों ने अपना एक-एक सुपर 8 मैच खेल लिया है. वेस्टइंडीज दो अंक और सबसे बेहतर रनरेट (+5.350) के साथ नंबर-1 पर बनी हुई है. उसने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया था. दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका की टीम है, जिसके भी दो अंक हैं. साउथ अफ्रीका का रनरेट +3.800 है. भारत को 76 रन से शिकस्त देकर साउथ अफ्रीका ने महत्वपूर्ण दो अंक हासिल किए. भारत और जिम्बाब्वे को टीमें अपना-अपना पहला सुपर 8 मैच हारकर क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं. दोनों का खाता नहीं खुला है. बड़ी हार से दोनों टीमों के रनरेट भी भारी नुकसान हुआ है. भारत का रनरेट -3.800 है, जबकि जिम्बाब्वे का रनरेट -5.350 है।

श्रीलंका के बाद कौन होगा बाहर?

शाम के मुकाबले पर सबकी नजरें रहने वाली हैं. भारत और जिम्बाब्वे के मुकाबले की विजेता टीम सेमीफाइनल की रेस में बनी रहेगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा. यह मुकाबला गंवाने वाली टीम की सुपर-8 में लगातार दूसरी हार होगी, जिससे बचा मुकाबला जीतकर भी टीम अधिकतम दो अंक तक ही पहुंच पाएगी और दो अंक सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए काफी नहीं होंगे. हालांकि, टीम इंडिया और फैंस अपने मुकाबले से पहले साउथ अफ्रीका की जीत की दुआ करेंगे, क्योंकि अगर वेस्टइंडीज ने मैच अपने नाम कर लिया तो भारत का सेमीफाइनल में पहुंचना बेहद ही मुश्किल हो जाएगा।

वेस्टइंडीज या साउथ अफ्रीका, जो जीता सेमीफाइनल का टिकट पक्का!

दूसरी ओर, दिन के मुकाबले की विजेता टीम सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का कर लेगी. साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज, दोनों का रनरेट बहुत मजबूत है. ऐसे में आज जीतने वाली टीम के पास अपना आखिरी मुकाबला जीतकर टॉप-4 का टिकट पक्का करने का मौका होगा।