पद्मश्री मालिनी अवस्थी 21 फरवरी को बीएचयू के अंतर संकाय युवा महोत्सव 'स्पंदन' का करेंगी आगाज...
वाराणसी, ब्यूरो। बीएचयू के अंतर संकाय युवा महोत्सव 'स्पंदन' की शुरुआत 21 फरवरी को होगी। शुभारंभ पद्मश्री मालिनी अवस्थी करेंगी। वह 90 मिनट की प्रस्तुति भी देंगी। इस दौरान शाम को मुख्य शोभायात्रा के बाद प्रतियोगिताओं की शुरुआत हो जाएगी। समारोह में विभिन्न विधाओं में कुल 31 प्रतियोगिताएं होंगी। गुरुवार को बीएचयू में आयोजित प्रेसवार्ता में छात्र अधिष्ठाता और स्पंदन के संयोजकों ने यह जानकारी दी।
छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने बताया कि पांच दिनी महोत्सव में विश्वविद्यालय के सभी संस्थान, संकाय, महिला महाविद्यालय, दक्षिणी परिसर बरकछा और सम्बद्ध कॉलेज शामिल होंगे। विद्यार्थियों की संख्या और आगंतुकों की सुविधा के मद्देनजर मुख्य आयोजन स्थल एम्फीथियेटर स्थित पंडाल होगा।
इसके अलावा पं. ओंकारनाथ ठाकुर प्रेक्षागृह, डॉ. केएन उडुपा प्रेक्षागृह, स्वतंत्रता भवन, दृश्य कला संकाय सभागार, डॉ. कर्ण सिंह सभागार, मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र सभागार, कृषि शताब्दी प्रेक्षागृह और विधि संकाय में कार्यक्रम होंगे। निर्णायकों में विवि परिवार के सदस्यों के साथ नगर के प्रतिष्ठित कलाकार और विद्वान होंगे।
युवा महोत्सव के संचालन के लिए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के संरक्षण में कुल 14 आयोजन समितियां गठित की गई हैं। प्रो. बीसी कापरी संयोजक और प्रो. आरती निर्मल सह संयोजक हैं। इसके अतिरिक्त स्पर्धाओं के संचालन के लिए नौ स्थल समन्वयक भी नामित किए गए हैं। प्रेसवार्ता में डॉ. आशीष गुप्ता, मीडिया और प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रो. अनुराग दवे और डॉ. धीरेन्द्र राय उपस्थित रहे।
समापन करेंगे गीतकार समीर
स्पंदन के समापन समारोह के मुख्य अतिथि गीतकार समीर अनजान होंगे। वह छात्रों के साथ संवाद करेंगे। स्पंदन में सांस्कृतिक प्रतियोगिता के अंतर्गत पांच विधाओं संगीत, नृत्य, साहित्य, अभिनय और ललित कला के अंतर्गत 40 स्पर्धाएं होंगी।