Headlines
Loading...
जौनपुर में इस तरह चल रहा था ईसाई बनाने का धंधा, म‍िशनरी से जुडे 4 लोगों को भेजा गया जेल,  तरियारी गांव में भी 40 आरोप‍ित हिरासत में...

जौनपुर में इस तरह चल रहा था ईसाई बनाने का धंधा, म‍िशनरी से जुडे 4 लोगों को भेजा गया जेल, तरियारी गांव में भी 40 आरोप‍ित हिरासत में...

ब्यूरो जौनपुर। प्रलोभन देकर मतांतरण कराने की सूचना पर रविवार को पुलिस ने केराकत के तरियारी गांव स्थित एक घर में छापेमारी कर जिन लगभग 30 लोगों को हिरासत में लिया था, उनमें से ईसाई मिशनरी से जुड़े चार आरोपितों को गिरफ्तार कर सोमवार को चालान कर दिया।कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में चारों को जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से मिशनरी से जुड़े मतांतरण में संलिप्त लोगों के हाथ-पांव फूल गए हैं।

विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड सत्संग प्रमुख बाबा रामजन्म नागर ने कोतवाली में सूचना दी थी कि तरियारी गांव का अजय कुमार गौतम ईसाई मिशनरी से जुड़ा है। वह अपने घर पर मिशनरी से जुड़े लोगों को बुलाकर प्रार्थना सभा के बहाने लोगों को जुटाकर अंधविश्वास व सहित तरह-तरह के प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए लोगों को प्रेरित करता है। इसे गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने टीम के साथ अजय कुमार के घर छापेमारी की।

मौके से पुलिस को ईसाई धर्म प्रचार का पोस्टर, 26 बाइबिल, दो वास्तविक संग्रह, छह पवित्र शास्त्र भजन संहिता, नीति वचन व एक नया विधान एवं स्त्रोत ग्रंथ ईसाई धर्म मिला। वहां मिले लगभग 30 लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली लाई। इनमें पुरुष, महिलाएं व बच्चे थे। पूछताछ कर चार को गिरफ्तार कर अन्य को रिहा कर दिया।

गिरफ्तार आरोपितों में अजय कुमार, बलईपुर गांव का राजबली, गौराबादशाहपुर के मैरादखान का अवधेश व आजमगढ़ जिले के बरदह थाना के बरौना गांव का दिवाकर है। पुलिस ने बाबा रामजन्म नागर की तहरीर पर चारों के विरुद्ध मतांतरण संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सोमवार को चालान कर दिया। छापेमारी करने वाली टीम में एसएसआइ द्वारिका नाथ यादव, एसआइ बब्बन सिंह, हेड कांस्टेबल संजय यादव, ज्योति प्रकाश, कांस्टेबल राम अवतार सिंह, धर्मेंद्र यादव, महिला आरक्षी आशा व अनुपमा सिंह रहीं।

उल्लेखनीय है कि करीब तीन माह पूर्व सरकी गांव से भी पुलिस ने मतांतरण कराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एएसपी (सिटी) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपित ईसाई मिशनरी से जुड़े हैं। आरोपित गांव व दूर-दराज के लोगों को जुटाकर ईसाई धर्म का प्रचार करने के साथ ही बीमारियों से मुक्ति का अंधविश्वास फैलाकर व तरह-तरह के प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने को प्रेरित करते थे। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जिले में मतांतरण कराने की जड़ें गहरी हैं। अंधविश्वास व लालच देकर मतांतरण कराए जाने का खेल चोरी-छिपे कई स्थानों पर काफी समय से चल रहा है। अभी 25 जनवरी को लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कुद्दूपुर श्रीनगर स्थित राजेंद्र चौहान की चारदीवारी में छापेमारी कर मतांतरण करा रहे ओडीशा निवासी दंपती सहित ईसाई मिशनरी से जुड़े पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को दो बाइबिल धर्मग्रंथ, छह क्रास व बड़ी संख्या में मिशनरी की प्रचार सामग्रियां मिलीं थीं।

थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह को जानकारी मिली थी कि कुद्दूपुर श्रीनगर स्थित राजेंद्र चौहान की चारदीवारी से घेरी गई भूमि पर प्रार्थना सभा की आड़ में ईसाई मिशनरी से जुड़े लोग मतांतरण कराने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने ओडीशा प्रांत के केंद्रपाड़ा जिले के तालचुवा थाना के गड़राह निवासी विद्युत प्रामाणिक, उसकी पत्नी सुशाली दास, लाइन बाजार थाना के कुद्दूपुर श्रीनगर निवासी मुन्ना चौहान, पीली कोठी निवासी अमित कुमार व शहर कोतवाली के उमरपुर हरिबंधनपुर निवासी अरुण कुमार को पकड़ा था। मतांतरण के बढ़ते मामलों से चिंता बढ़ने के साथ ही पुलिस के लिए चुनौती बढ़ गई है।

अनुसूचित जाति बस्तियां हैं ईसाई मिशनरी के निशाने पर

मतांतरण के खेल में जुटीं ईसाई मिशनरियों के निशाने पर गांव की अनुसूचित जाति बस्तियां हैं। कभी जिले में मतांतरण का सबसे बड़ा केंद्र चंदवक थाना क्षेत्र का भूलनडीह गांव बन गया था। जौनपुर नहीं आसपास के भी कई जिलों के लोग रविवार के दिन होने वाली प्रार्थना सभा में हजारों लोगों की भीड़ जुटती थी। पुलिस व राजस्व प्रशासन की कार्रवाई के बाद मास्टर माइंड दुर्गा प्रसाद यादव गिरफ्तार हुआ तो भूलनडीह में ऐसी गतिविधियों पर विराम लग गया, लेकिन चोरी-छिपे जिले भर में मिनशरी से जुड़े लोग मतांतर का खेल चलाए हुए हैं।

छितौना, नरहन, सिहौली, कुसैला है इसका गढ़

केराकत नगर के आसपास छितौना, नरहन, सिहौली, कुसैला, अकबरपुर, सिझवारा, डिहवा, डेडुवाना, सुल्तानपुर, सरकी लेवरूवा, बकुलियां, कुसरना, विशुनपुरा आदि गांवों की अनुसूचित जाति बस्तियों में प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को जुटाकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता है। बीते वर्ष कुसैला निवासी दिनेश व छितौना निवासी ममता को मतांतरण कराने के आरोप गिरफ्तार कर चालान किया गया था। इससे पहले सुल्तानपुर गांव में भी दो व्यक्तियों के विरुद्ध इसी तरह की कार्रवाई हुई थी।

पांच लोगों को पुलिस ने 22 जून में किया था गिरफ्तार

महराजगंज के केवटली गांव के अनुसूचित बस्ती में गुलाब सरोज के मकान में मतांतरण कराने वाले पांच लोगों को पुलिस ने बीते 22 जून को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गुलाब चंद्र सरोज, राजेश कुमार, संदीप कुमार व मछलीशहर निवासी राम अनुज व सुनील कुमार को गिरफ्तार करते हुए 10 बाइबिल, 19 पाकेट बुक, 74 धर्म परिवर्तन साहित्य व 124 फोटो ग्राफ बरामद किया था। 

इसी तरह बक्शा थाना क्षेत्र के चकपटैला गांव में पुलिस ने सुनील, राज कुमार व श्यामलाल को गत पांच अक्टूबर को हिरासत में लिया था।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, वर्ष 2023 में भी कई चढ़े थे पुलिस के हत्थे

8 फरवरी 2023 : मछलीशहर पुलिस ने सुजानगंज ब्लाक के घघरिया गांव में मिशनरी के साहित्य बांटती तीन महिलाओं समेत चार को गिरफ्तार किया था।

12 फरवरी 2023: बदलापुर के मुरादपुर कोटिला गांव में मतांतरण के प्रयास में नौ नामजद व दर्जनों अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस ने 16 आरोपितों गिरफ्तार किया गया था। एसडीएम कोर्ट से 10 जमानत पर छूटे, जबकि छह जेल गए थे।

21 फरवरी 2023: मीरगंज के करियांव गांव की प्रजापति बस्ती में मतांतरण कराने के दो आरोपित जेल गए थे।

23 फरवरी 2023 : बदलापुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-पांच भलुआहीं में मतांतरण कराने के दो नामजद समेत कई अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा हुआ था व पादरी समेत तीन को पुलिस ने किया था।