Headlines
Loading...
ग्वालियर :: 6 महीने पहले जिससे लव मैरिज की, वो निकला दो बच्चों का बाप, आहत पत्नी ने दी वीडियो बनाकर दी जान...

ग्वालियर :: 6 महीने पहले जिससे लव मैरिज की, वो निकला दो बच्चों का बाप, आहत पत्नी ने दी वीडियो बनाकर दी जान...

मप्र ग्वालियर। शहर के सिरोल थाना क्षेत्र में लव मैरिज के बाद धोखे की शिकार हुई एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर अपनी मौत के लिए पति और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मंदिर में हुई थी दोनों की शादी

ग्वालियर की जीडीए कॉलोनी निवासी वैष्णवी उर्फ प्राची ने करीब छह माह पहले परिवार के विरोध के बावजूद पुरानी छावनी निवासी राजू उर्फ सत्यनारायण भदौरिया से मंदिर और स्टांप पेपर पर लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में ईस्ट मैरेडियन मल्टी स्थित एक कि नराए के फ्लैट में रहने लगे थे, जो सिरोल थाना क्षेत्र में आता है।

पहले से शादीशुदा था राजू

बताया जा रहा है कि विवाह के कुछ समय बाद प्राची को पता चला कि उसका पति राजू पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। यह सच्चाई सामने आने पर प्राची सीधे राजू के घर पहुंची, जहां उसकी मुलाकात राजू, उसकी पहली पत्नी और उसके पिता से हुई। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई। अपमान और मानसिक आघात से आहत प्राची वापस अपने फ्लैट लौटी और पंखे पर दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो

आत्महत्या से पहले प्राची ने मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने साफ तौर पर कहा कि उसकी मौत के लिए उसका पति राजू और ससुराल वाले जिम्मेदार हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतका द्वारा बनाए गए वीडियो को जब्त कर लिया गया है और उसकी जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूरे मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डरें नहीं बात करें

अगर आपके मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं, आप किसी परेशानी में हैं या आपको मानसिक स्वास्थ्य सहायता की जरूरत है, तो आप नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। मदद के लिए संकोच न करें, कोई न कोई आपकी बात सुनने के लिए हमेशा मौजूद है।

AASRA: +91-22-27546669 (24 घंटे उपलब्ध)

iCall: 9152987821 (सोमवार से शनिवार, सुबह 8 से रात 10 बजे तक)।

Vandrevala Foundation: +919999666555, 18602662345 या 18002333330 (24 घंटे उपलब्ध)।

सरकारी हेल्पलाइन (Tele MANAS): 14416 या 1800-891-4416 (निशुल्क और 24 घंटे उपलब्ध) ।।