पहले दोस्ती, फिर मोमोज खिलाकर 85 लाख के ज्वेलरी ले भागे ठेले वाले, देवरिया पुलिस खोज रही उचक्कों को...
यूपी, देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में तीन युवकों ने एक किशोर को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर मोमोज खिलाने के बदले उससे 85 लाख रुपये मूल्य के जेवरात ले लिए। पुलिस ने आज सोमवार मीडिया को बताया कि रामपुर कारखाना थाने में किशोर के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वाराणसी के एक मंदिर में पुजारी शिकायतकर्ता विमलेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि देवरिया-कसया मार्ग के डुमरी चौराहा पर मोमो का ठेला लगाने वाले तीन युवक उनके परिवार के गहने लेकर फरार हो गए। मामला तब सामने आया, जब किशोर की बहन ने अपने गहने मांगे। अलमारी खोलने पर देखा कि सभी गहने गायब थे। इस पर सातवीं कक्षा के छात्र किशोर ने बताया कि उसने गहने मोमो के बदले में युवकों को दे दिए।
थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। शिकायत में विमलेश मिश्रा ने बताया कि युवकों ने उनके बेटे से दोस्ती की। इसके बाद उन्होंने उसे मोमो दिए, और बेटे ने घर से गहने निकालकर आरोपियों को सौंप दिए। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि जेवरात उनके बेटे और बेटी के थे।