इंदौर में जहरीली गैस लीक होने से कई लोगों की बिगड़ी तबीयत, अफरा-तफरी का माहौल, लोगों द्वारा प्रशासन से सुरक्षा की माँग...
MP News। इंदौर के रावजी बाजार इलाके में गुरुवार रात करीब 10 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कबाड़ी की दुकान में रखे सिलेंडर से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा। अचानक फैली इस गैस के कारण आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी, घबराहट और उल्टी जैसी दिक्कतें होने लगीं। हालात इतने खराब हो गए कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्राथमिक जांच में क्या सामने आया?
कई लोग मुंह पर कपड़ा और रूमाल बांधकर खुद को गैस के असर से बचाने की कोशिश करते नजर आए. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रावजी बाजार के कटकटपुरा पुल के नीचे स्थित एक कबाड़ी की दुकान में एक सिलेंडर को काटा जा रहा था. इसी दौरान सिलेंडर के अंदर मौजूद गैस तेजी से बाहर निकलने लगी और देखते ही देखते आसपास के क्षेत्र में फैल गई. बाद में पता चला कि सिलेंडर में अमोनिया गैस भरी हुई थी, जो रिसाव के बाद हवा में फैलकर लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने सबसे पहले सिलेंडर के वॉल्व को नियंत्रित करने की कोशिश की और इसके बाद पानी का छिड़काव किया गया, ताकि गैस का प्रभाव कम किया जा सके. गैस का असर इतना तीव्र था कि राहत कार्य में जुटे कुछ दमकलकर्मियों को भी सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई. हालांकि, समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया।
चार से पांच लोगों को भेजा गया अस्पताल
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी की जान नहीं गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर चार से पांच लोगों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया. सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने सिलेंडर काट रहे कबाड़ी शहजाद को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. यह भी जांच की जा रही है कि यह सिलेंडर उसे कहां से मिला और उसमें खतरनाक गैस कैसे मौजूद थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. प्रशासन ने फिलहाल इलाके को सुरक्षित घोषित किया है और निगरानी बढ़ा दी गई है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और प्रशासन से सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की जा रही है।