परिजनों की मिन्नतें हुईं फेल: मुरादाबाद की युवती ने भरी सहेली की मांग, कोर्ट में बोली- 'शादी कर ली, अब साथ ही रहेंगे'...
मुरादाबाद। घर से निकलकर एक दूजे की मांग भरने के बाद शादी करने वाली दोनों युवतियों की जिद के सामने स्वजन की एक नहीं चली। भगतपुर की युवती कोर्ट में बयान देते हुए बोली मैंने शादी कर ली है उसी के साथ रहूंगी। युवती की बात सुन कोर्ट ने उसे युवती के साथ रहने की इजाजत दे दी।
दोनों युवती एक साथ चली गई। दोनों को स्वजन ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं थी। भगतपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की बुआ रामपुर के टांडा क्षेत्र के एक गांव में है। युवती एक साल पहले अपनी बुआ के घर रहने के लिए पांच दिनों के लिए गई थी। युवती के बुआ के घर के सामने दूसरी बिरादरी की एक युवती रहती थी।
पांच दिनों के बीच में दोनों युवतियों के बीच बातचीत होने लगी। एक दूसरे का नंबर ले लिया। पिछले एक साल से दोनों के बीच फोन पर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान दोनों में प्यार हो गया और एक साथ रहने का निर्णय ले लिया। 31 जनवरी की सुबह अपने घर से निकल गई। मुरादाबाद पहुंची और उसी दिन दोनों ने एक दूजे की मांग भरकर शादी कर ली।
उधर दोनों युवतियों के स्वजन अपने-अपने थाने में पहुंचे और शिकायती पत्र दिया। रविवार की शाम दोनों युवतियां बिलारी थाने पहुंची और अपनी जान का खतरा बताकर सुरक्षा देने की मांग करने लगीं। इसके बाद पुलिस ने दोनों को वन स्टाफ सेंटर भेज दिया। सोमवार को भगतपुर पुलिस युवती के पास पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं थे।
सोमवार को भगतपुर पुलिस ने युवती का मेडिकल कराया और मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां युवती ने घर न जाने की बात कहते हुए रामपुर की युवती के साथ रहने की बात कही और कहा कि मैं बालिग हूं। हम दोनों ने शादी कर ली है। अब हम दोनों साथ रहेंगे। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद युवती को दूसरी युवती के साथ भेज दिया है।