Headlines
Loading...
रात को कमरे में सोने गई लड़की, सुबह देखा तो गायब, बिस्तर में मिली सांप की केंचुल, क्या वह इच्छाधारी नागिन थी? हर कोई है हैरान...

रात को कमरे में सोने गई लड़की, सुबह देखा तो गायब, बिस्तर में मिली सांप की केंचुल, क्या वह इच्छाधारी नागिन थी? हर कोई है हैरान...

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र के सिंगनपुर गांव में एक 20 वर्षीय युवती के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजन और ग्रामीण अभी तक इस घटना को समझ नहीं पा रहे हैं.बताया जा रहा है कि युवती बीते रात रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब उसकी मां उसे जगाने पहुंची तो कमरे का नजारा देखकर सन्न रह गई. बिस्तर खाली था और युवती वहां मौजूद नहीं थी. लेकिन वहां 5 फीट लंबी सांप की केंचुल मिली. जिससे हर कोई हैरान है।

कपड़े, जेवर और सांप की केंचुल ने बढ़ाया रहस्य

परिजनों के अनुसार कमरे में युवती के कपड़े और जेवर बिस्तर पर सही-सलामत रखे मिले. हैरानी की बात यह रही कि कपड़ों के पास ही करीब पांच फीट लंबी सांप की केंचुल भी पड़ी थी. यही नहीं, कमरे के फर्श में सांप का एक बिल भी दिखाई दिया. परिवार का कहना है कि पहले भी उस कमरे के आसपास सांप देखे गए थे, लेकिन इस तरह की घटना कभी नहीं हुई।

गांव में फैली 'इच्छाधारी नागिन' की अफवाह

घटना की खबर फैलते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ लोगों ने युवती को "इच्छाधारी नागिन" बताना शुरू कर दिया. ग्रामीणों के बीच डर और अंधविश्वास का माहौल बन गया. कोई इसे चमत्कार बता रहा है तो कोई रहस्यमयी घटना. हालांकि परिजन इन सभी बातों से बेहद आहत हैं और उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ अपनी बेटी की सलामती चाहिए।

पुलिस जांच में जुटी, अफवाहों से दूर रहने की अपील

सूचना मिलने पर अजीतमल सर्किल ऑफिसर मनोज गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 के तहत मामला दर्ज किया गया है. युवती की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही हैं।

सांप में बदलने की बात पूरी तरह निराधार

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवती के सांप में बदलने या किसी अलौकिक घटना की बातें पूरी तरह अफवाह हैं. सीओ मनोज गंगवार के अनुसार, कमरे में मिले कपड़े और सांप की केंचुल जांच को भटकाने के लिए जानबूझकर रखी गई हो सकती है. इस पहलू से भी जांच की जा रही है कि कहीं यह किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं।

डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच

पुलिस ने घर से मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी. वहीं पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।